विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंदार क्षेत्र में पर्वों की रौनक: देवउठनी एकादशी में मुहूर्त का रखें ध्‍यान, 24 को कार्तिक पूर्णिमा व 26 नवंबर को नवान्न

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:47 AM (IST)

 Banka Mandar Region Festivals : मंदार क्षेत्र में नवंबर के शेष दिनों में देवउठनी एकादशी, कार्तिक पूर्णिमा और नवान्न पर्व की धूम रहेगी। देवउठनी एकादशी से मांगलिक कार्य शुरू होंगे, कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु पापहरणी सरोवर में स्नान करेंगे, और नवान्न पर्व पर किसान नई फसल अर्पित करेंगे।

Banka Mandar Region Festivals : मंदार में भगवान मधुसूदन।

 Banka Mandar Region Festivals : मंदार में भगवान मधुसूदन।

HighLights

  1. देवउठनी एकादशी से मांगलिक कार्यों की होगी शुरुआत।

  2. कार्तिक पूर्णिमा पर पापहरणी सरोवर में उमड़ेंगे श्रद्धालु।

  3. नवान्न पर्व पर नई फसल भगवान को अर्पित करेंगे किसान।

संवाद सूत्र, बाराहाट (बांका)। Banka Mandar Region Festivals : ऐतिहासिक और धार्मिक मंदार क्षेत्र में नवंबर के शेष दिनों में आस्था, भक्ति और पारंपरिक पर्व-त्योहारों की धूम रहने वाली है। पंचांग और स्थानीय परंपरा के अनुसार, आज देवउठनी एकादशी, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा तथा 26 नवंबर, गुरुवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष द्वितीया तिथि पर लोकपर्व नवान्न श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

आज देवउठनी एकादशी पर जागेंगे श्रीहरि, शुरू होंगे मांगलिक कार्य

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर जगत के पालनहार भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित सभी शुभ एवं मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इस दिन श्रद्धालु उपवास रखकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे, वहीं क्षेत्र के मंदिरों में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा, पापहरणी सरोवर में उमड़ेंगे श्रद्धालु

इसके बाद 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का महापर्व मनाया जाएगा। इस दिन श्रद्धालु पवित्र नदियों, तालाबों और सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाकर दान-पुण्य करेंगे। पर्व को लेकर मंदार पर्वत और ऐतिहासिक पापहरणी सरोवर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही बढ़ने की संभावना है। शास्त्रों में कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र स्नान, दीपदान और अन्न-वस्त्र दान को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है।

26 नवंबर को नवान्न पर्व

26 नवंबर को मनाया जाने वाला नवान्न पर्व किसानों और ग्रामीण कृषि परंपरा से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। खेतों में तैयार हुई नई फसल का अन्न सर्वप्रथम भगवान को अर्पित करने के बाद ही उसे ग्रहण करने की प्राचीन परंपरा है। किसान परिवार नए अन्न से विविध पारंपरिक पकवान बनाकर ईश्वर से सुख-समृद्धि और अच्छी पैदावार की कामना करेंगे।

भगवान चिंतामणि मधुसूदन को अर्पित होगा नया अन्न

मंदार स्थित कामधेनु मंदिर के संत प्रभुजी ने बताया कि नवान्न पर्व अंग क्षेत्र की प्राचीन कृषि परंपरा और धार्मिक आस्था का जीवंत प्रतीक है। इस दिन किसान खेतों में तैयार नई धान की फसल सबसे पहले बौंसी स्थित भगवान चिंतामणि मधुसूदन मंदिर और अपने कुलदेवता को अर्पित करते हैं।

नए धान के चावल से खीर, चूड़ा सहित पारंपरिक पकवान बनाकर भगवान को भोग लगाया जाता है और प्रसाद ग्रहण करने के बाद ही घरों में नए चावल का सेवन शुरू किया जाता है। मंदार सहित पूरे पंचकोशी क्षेत्र में यह पर्व गहरी श्रद्धा और सामाजिक एकता के साथ मनाया जाता है।

यह भी पढ़ें- वैश्विक मंच पर भागलपुर की मंजूषा कला: दिल्ली के इंडिया बिएनाले में दिखेगी छठ व गया जी पिंडदान की सांस्कृतिक विरासत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।