विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

500 के 7 जाली नोट... आखिर बैंक में कहां से आए? सीएसपी से निकासी पर खुला फर्जीवाड़ा, प्रबंधन और पुलिस में खलबली

Published: Tue, 03 Nov 2026 11:24 PM (IST)

Banka Shambhuganj CSP Fake Currency UCO Bank: बांका के शंभुगंज में यूको बैंक के एक ग्राहक सेवा केंद्र से ग्राहक ...और पढ़ें

Banka Shambhuganj CSP Fake Currency UCO Bank: प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

Banka Shambhuganj CSP Fake Currency UCO Bank: प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. शंभुगंज सीएसपी से ग्राहक को मिले सात जाली नोट।

  2. दुकानदार और बैंककर्मी ने नोटों को नकली बताया।

  3. पुलिस जांच का इंतजार, ग्रामीणों ने सीएसपी जांच मांगी।

संवाद सहयोगी,  शंभुगंज (बांका)। Banka Shambhuganj CSP Fake Currency UCO Bank: बांका जिले के शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएसपी) के माध्यम से जाली नोटों के वितरण और बाजार में उनके खपने की गंभीर शिकायत सामने आई है। सुदूर ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग सेवाओं का मुख्य आधार बन चुके सीएसपी केंद्रों से नकली नोट मिलने की घटना से खाताधारकों में गहरा आक्रोश और संशय है।

ताजा मामला शंभुगंज बाजार स्थित यूको बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र का है, जहां एक ग्रामीण ग्राहक को निकासी के दौरान 500 रुपये के सात जाली नोट थमा दिए गए। जानकारी के अनुसार, केहनीचक गांव निवासी वकील पासवान तीन दिन पूर्व आवश्यक कार्य के लिए शंभुगंज बाजार स्थित यूको बैंक के सीएसपी केंद्र पर पहुंचे थे।

उन्होंने अपने खाते से निकासी की, जिसके एवज में सीएसपी संचालक ने उन्हें 500-500 रुपये के सात नोट थमाए। वकील पासवान जब इन रुपयों से बाजार में खरीदारी करने एक दुकान पर पहुंचे, तो नोटों को हाथ में लेते ही दुकानदार को संदेह हुआ। उसने बारीकी से जांच के बाद सभी नोटों को जाली बताते हुए लेने से स्पष्ट इनकार कर दिया।

बैंककर्मी ने की पुष्टि, हंगामे के बाद संचालक ने बदले रुपये

दुकानदार द्वारा मना किए जाने पर वकील पासवान सीधे एक स्थानीय बैंककर्मी के पास पहुंचे और नोटों की जांच कराई। बैंककर्मी ने भी परीक्षण के बाद सभी सातों नोटों (कुल 3,500 रुपये) के नकली होने की पुष्टि कर दी। इसके बाद पीड़ित ग्राहक आक्रोशित होकर सीधे सीएसपी केंद्र पहुंचे और संचालक के सामने जाली नोट रखकर अपनी रकम वापस मांगी।

आरोप है कि संचालक ने शुरुआत में अपनी गलती मानने और रुपये बदलने में आनाकानी की। हालांकि, जब ग्राहक ने कड़ा विरोध जताया और आसपास के लोग जुटने लगे, तो स्थिति बिगड़ती देख संचालक ने जाली नोट अपने पास रखकर दूसरे असली रुपये वापस लौटा दिए। इस घटना की खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई, जिससे सीएसपी से लेन-देन करने वाले ग्रामीणों में डर का माहौल है।

शाखा प्रबंधन और पुलिस ने क्या कहा?

मामले में सीएसपी संचालक का कहना है कि वे अपने पास से कोई नोट नहीं बनाते, बल्कि बैंक की मुख्य शाखा से ही नकदी लाकर निकासी करते हैं। दूसरी ओर, यूको बैंक के सहायक शाखा प्रबंधक रोहित राज ने शाखा स्तर पर गड़बड़ी की बात को खारिज किया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक शाखा में आने-जाने वाली सभी करेंसी की गिनती आधुनिक मशीनों से की जाती है, इसलिए शाखा से जाली नोट बाहर जाने की गुंजाइश नहीं है। फिर भी, यदि ग्राहक की ओर से औपचारिक शिकायत आती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

शंभुगंज के थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि नकली नोटों का प्रचलन एक अत्यंत गंभीर आर्थिक अपराध है। पुलिस को अब तक इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही पीड़ित अथवा बैंक प्रबंधन की ओर से औपचारिक शिकायत मिलेगी, पुलिस त्वरित जांच कर दोषियों पर कानूनी शिकंजा कसेगी।

इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रखंड क्षेत्र के सभी सीएसपी केंद्रों की कार्यप्रणाली की आकस्मिक जांच की जाए और आम लोगों को असली-नकली नोटों की पहचान के प्रति जागरूक किया जाए।

यह भी पढ़ें- शादी का झांसा देकर 5 साल तक दुष्कर्म, भागलपुर के होटल में दिया नशीला जूस; युवती के बेहोश होते ही भागा बांका का प्रेमी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।