शादी का झांसा देकर 5 साल तक दुष्कर्म, भागलपुर के होटल में दिया नशीला जूस; युवती के बेहोश होते ही भागा बांका का प्रेमी
बांका के रजौन थाना क्षेत्र की एक युवती ने शादी का झांसा देकर पांच साल तक शारीरिक शोषण और नशीला ...और पढ़ें

भागलपुर के होटल में शादी की जिद पर प्रेमिका को दिया नशीला जूस! अस्पताल में छोड़कर भागा प्रेमी, बांका के रजौन में FIR दर्ज
HighLights
युवती से शादी का झांसा देकर 5 साल शारीरिक शोषण।
भागलपुर होटल में नशीला जूस पिलाकर जान लेने की कोशिश।
आरोपित प्रेमी पर दुष्कर्म, हत्या के प्रयास का केस दर्ज।
संवाद सूत्र, रजौन (बांका)। बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ शादी का झांसा देकर पांच साल तक शारीरिक शोषण करने और शादी का दबाव बनाने पर धोखे से नशीला पदार्थ पिलाकर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत और प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित युवती ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वर्ष 2020 में एक वैवाहिक समारोह के दौरान उसकी मुलाकात बनगांव निवासी अंकित कुमार उर्फ अनीश कुमार से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे यह संपर्क प्रेम प्रसंग में बदल गया।
युवती के अनुसार, अंकित ने शादी का पक्का भरोसा देकर उसे दुमका ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब भी युवती विवाह की बात करती, अंकित कुछ दिनों में सब ठीक होने की बात कहकर टालमटोल कर देता था।
भागलपुर बुलाकर होटल में रखा, सुबह दिया नशीला जूस
आवेदन के अनुसार, गत 28 अक्टूबर 2026 को अंकित ने आखिरकार शादी करने का भरोसा देकर युवती को भागलपुर बुलाया। वह उसे भागलपुर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन, 29 अक्टूबर की सुबह जब युवती ने शादी की बात पर जोर दिया, तो अंकित ने उसे पीने के लिए जूस दिया।
जूस पीने के कुछ ही देर बाद युवती का सिर चकराने लगा और उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ने लगी। युवती को आशंका हुई कि जूस में कोई नशीला या जहरीला पदार्थ मिलाया गया था।
अस्पताल में छोड़कर भागा आरोपित, परिजनों ने दर्ज कराया केस
युवती का आरोप है कि तबीयत बिगड़ने के बाद अंकित ने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह आनन-फानन में युवती को एक गाड़ी से भागलपुर के जीरोमाइल स्थित अस्पताल ले गया और वहां भर्ती कराकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे और इलाज कराने के बाद युवती को घर ले आए।
इसके बाद पीड़िता ने स्वजन के साथ रजौन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। रजौन के प्रभारी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि युवती के आवेदन के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की वैज्ञानिक और कानूनी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।