विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गली क्रिकेट से शुरू किया सफर, बांका में की पढ़ाई; अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की जीत के हीरो बने राघवेंद्र

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:09 PM (IST)

बिहार के तेज गेंदबाज राघवेंद्र प्रताप ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लिए और 25 रन बनाए। 

क्रिकेटर राघवेंद्र प्रताप। (जागरण)

क्रिकेटर राघवेंद्र प्रताप। (जागरण)

HighLights

  1. राघवेंद्र प्रताप ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तीन विकेट लिए।

  2. उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 15 गेंदों पर 25 रन भी बनाए।

  3. बांका में पढ़ाई कर राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान।

संवाद सहयोगी, बांका। गली-मोहल्ले के मैदान पर छोटे बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने का जुनून आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहा है।

बिहार क्रिकेट टीम के उभरते तेज गेंदबाज राघवेंद्र प्रताप ने बुधवार को इंदौर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

दिल्ली के खिलाफ बिहार की जीत में राघवेंद्र ने चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उनके शिकारों में दिल्ली के शतकवीर यश ढुल, आईपीएल में खेल चुके नितीश राणा और विकेटकीपर तेजस्वी धनोवा शामिल रहे।

बल्लेबाजी में भी उन्होंने 15 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 25 रन बनाए। उनकी इस उपलब्धि से बांका के खेलप्रेमियों में खुशी है।

बांका में हुई पढ़ाई, पटना के पालीगंज के हैं निवासी

राघवेंद्र मूल रूप से पटना जिले के पालीगंज स्थित कौरी गांव के रहने वाले हैं। हालांकि, उनकी पढ़ाई बांका में हुई है।

उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा शहर के ललित गिरिश्वर स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद आरएमके उच्च विद्यालय से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की।

उनके पिता संतोष कुमार पिछले 20 वर्षों से बांका में शारीरिक शिक्षक के रूप में सेवा दे रहे हैं। मां किरण देवी गृहिणी हैं। एक भाई और एक बहन में राघवेंद्र सबसे बड़े हैं।

पिता संतोष कुमार बताते हैं कि राघवेंद्र को बचपन से ही क्रिकेट का जुनून रहा है। शुरुआत में वह बल्ला लेकर गली और स्थानीय मैदानों में छोटे बच्चों के साथ खेलने पहुंच जाता था।

धीरे-धीरे इस शौक को लक्ष्य में बदल दिया। स्कूली प्रतियोगिताओं के बाद अंडर-16, विजय मर्चेंट, कूच बिहार और सीके नायडू ट्राफी सहित विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई।

क्रिकेट की बारीकियां सीखने में उनके चाचा अनीश कुमार का भी अहम योगदान रहा है। वे बचपन से ही राघवेंद्र को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देते रहे हैं।

नहीं छोड़ी पढ़ाई

क्रिकेट में लगातार व्यस्तता के बावजूद राघवेंद्र ने पढ़ाई नहीं छोड़ी है। फिलहाल वे दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अंग्रेजी आनर्स से स्नातक कर रहे हैं।

पिता बताते हैं कि राघवेंद्र का सपना क्रिकेट में अपना करियर बनाना है। इसके लिए वह लगातार मेहनत कर रहा है। राघवेंद्र ने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को घबराना नहीं चाहिए।

हर युवा को सीमित संसाधनों के बाद भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का सपना देखना चाहिए। सफलता जरुर मिलेगी।

यह भी पढ़ें- बांका के लाल का कमाल! सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पहले नीतीश राणा को किया आउट, फिर 15 गेंद में कूटे 25 रन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।