बिहार-झारखंड को जोड़ने वाली ₹1720 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास, 11 अक्टूबर को बांका आएंगे CM सम्राट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 11 अक्टूबर को बांका में भागलपुर-भलजोर फोरलेन परियोजना के संभावित शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जारी हैं।

जायजा लेते अधिकारी। फोटो जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री 11 अक्टूबर को भागलपुर-भलजोर फोरलेन का शिलान्यास करेंगे।
₹1720 करोड़ की लागत से 67 किलोमीटर लंबा फोरलेन बनेगा।
परियोजना से भागलपुर और बांका के बीच यातायात सुधरेगा।
संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। भागलपुर-भलजोर फोरलेन परियोजना के 11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री द्वारा संभावित शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन ने तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ थाना क्षेत्र स्थित एनएच किनारे मरचून मैदान में प्रस्तावित सभा स्थल का करीब एक घंटे तक निरीक्षण किया।
इस दौरान हेलिपैड, जर्मन हैंगर, मंच, वीआइपी व सामान्य पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री कटोरिया से हेलीकाप्टर से सभा स्थल पहुंच सकते हैं। यहां भागलपुर-भलजोर फोरलेन परियोजना का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
जर्मन हैंगर और पार्किंग व्यवस्था
एनएच की ओर से करीब 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला 100 फीट लंबा और 300 फीट चौड़ा जर्मन हैंगर बनाया जाएगा।
500 से अधिक छोटे-बड़े वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।कार्यक्रम के दौरान मुख्य मार्ग पर छोटे वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाए जाने की तैयारी है।
डीएम अंशुल अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए सभी विभागों के साथ पूर्व तैयारियां की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजकुमार, डीडीसी उपेंद्र सिंह, एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सौरभ कुमार और एनएच के सहायक अभियंता प्रवेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
1720 करोड़ से बनेगा 67 किमी फोरलेन
लगभग 67 किलोमीटर लंबी परियोजना का निर्माण दो चरणों में होगा। पहले चरण में भागलपुर से खड़हरा तक 857 करोड़ और दूसरे चरण में खड़हरा से भलजोर तक 863 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
कुल 1720 करोड़ रुपये की परियोजना से भागलपुर और बांका के बीच यातायात सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। यह मार्ग एनएच-133ई के तहत कई राज्यों को जोड़ता है।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु से 65 सदस्यों की टीम हटा रही अंतिम बेली ब्रिज, रेलिंग और सड़क कटिंग का काम भी जारी
