विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर-बांका स्टेट हाईवे पर टोल वसूलने की तैयारी, हरियाणा की कंपनी 70 दिनों के अंदर लगाएगी ETS सिस्टम  

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:06 AM (IST)

भागलपुर-बांका स्टेट हाईवे (एसएच-25) पर टोल वसूली की तैयारी तेज हो गई है, हरियाणा की वान इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन (ईटीसी) सिस्टम लगाने का ठेका मिला है।  

एआई से बनाई गई तस्वीर

एआई से बनाई गई तस्वीर

HighLights

  1. भागलपुर-बांका एसएच-25 पर टोल वसूली की तैयारी तेज।

  2. वान इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड लगाएगी इलेक्ट्रॉनिक टोल सिस्टम।

  3. 70 दिनों में सिस्टम स्थापित होगा, 8.87 करोड़ लागत।

संवाद सूत्र, बांका। भागलपुर-बांका स्टेट हाईवे (एसएच-25) पर टोल वसूली शुरू करने की तैयारी अब एक कदम और आगे बढ़ गई है। इस मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन (ईटीसी) सिस्टम लगाने के लिए हरियाणा के फरीदाबाद की कंपनी वान इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड तकनीकी निविदा में सफल रही है।

कंपनी को तकनीकी रूप से योग्य घोषित करते हुए उसकी वित्तीय निविदा खोलने का निर्देश दिया गया है। निविदा की शर्तों के अनुसार, सिस्टम लगाने और चालू करने के लिए एजेंसी को 70 दिनों का समय निर्धारित किया गया है।

बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL), पटना की ओर से भेजी गई तकनीकी निविदा मूल्यांकन समिति की रिपोर्ट के आधार पर पथ निर्माण विभाग की विभागीय निविदा समिति ने यह निर्णय लिया।

इस कार्य के लिए एकमात्र कंपनी वान इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने निविदा में भाग लिया था। समिति की जांच में कंपनी की ओर से जमा किए गए दस्तावेज और तकनीकी योग्यता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इसके बाद उसे तकनीकी निविदा में सफल घोषित किया गया है।

चार स्टेट हाईवे पर लगना है इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम

यह निविदा केवल भागलपुर-बांका एसएच-25 के लिए नहीं, बल्कि राज्य के चार स्टेट हाईवे पर इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम लगाने के लिए आमंत्रित की गई है।

इसमें घोघा-पंजवारा एसएच-84, अकबरनगर-अमरपुर एसएच-85, भागलपुर-बांका एसएच-25 और देवघर-सुल्तानगंज एसएच-22 शामिल हैं।

इन मार्गों पर सिस्टम के डिजाइन, स्थापना, परीक्षण, कमीशनिंग, संचालन और रखरखाव का काम किया जाना है। पूरी परियोजना की अनुमानित लागत 8.87 करोड़ रुपये रखी गई है।

तीन साल तक रखरखाव की भी जिम्मेदारी

निविदा की शर्तों के अनुसार, सिस्टम की कमीशनिंग के लिए 70 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है। इसके बाद तीन वर्षों तक इलेक्ट्रॉनिक टोल प्रणाली के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी एजेंसी को निभानी होगी।

तकनीकी निविदा में सफल कंपनी की वित्तीय बोली खुलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंतिम चयन और कार्यादेश जारी होने के बाद ही निर्धारित समय-सीमा के तहत काम शुरू हो सकेगा।

भागलपुर-अमरपुर-बांका एसएच-25 पर समुखिया मोड़ के समीप टोल प्लाजा बनाने का प्रस्ताव है। जबकि स्टेट हाईवे 84 पर बेलडीहा के पास टोल प्लाजा बनाने का प्रस्ताव है।

यह भी पढ़ें- बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू, लेकिन विक्रमशिला सेतु ने बिगाड़ा भागलपुर का खेल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।