पुडुचेरी में गूंजेगा बिहार का नाम; राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चुनी गईं बांका की श्रेया, कैसे सोखा जाता है कार्बन?
53rd National Science Exhibition Puducherry: बांका की श्रेया कुमारी का विज्ञान मॉडल 53वीं राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित हुआ ...और पढ़ें

53rd National Science Exhibition Puducherry: 53वीं राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में चमकेगी बांका की श्रेया
HighLights
श्रेया कुमारी का विज्ञान मॉडल राष्ट्रीय प्रदर्शनी हेतु चयनित।
कार्बन कैप्चर तकनीक पर आधारित मॉडल किया प्रस्तुत।
पुडुचेरी में 14 से 19 दिसंबर 2026 तक प्रदर्शनी।
जागरण संवाददाता, बांका। 53rd National Science Exhibition Puducherry: बांका जिले की ग्रामीण प्रतिभा ने एक बार फिर शिक्षा जगत में जिले का मान बढ़ाया है। फुल्लीडुमर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय केंदुआर की प्रतिभावान बाल विज्ञानी श्रेया कुमारी का विज्ञान मॉडल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है।
आगामी 53वीं राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए पूरे बिहार से चुने गए मात्र छह उत्कृष्ट विद्यार्थियों में बांका की श्रेया ने अपनी जगह पक्की की है। अब श्रेया राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि समूचे जिले के शिक्षा जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
औद्योगिक प्रदूषण को कैसे करें नियंत्रण?
श्रेया कुमारी ने राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण और तेजी से बढ़ते वायु प्रदूषण की वैश्विक समस्या को केंद्र में रखकर अपना मॉडल प्रस्तुत किया था। उनके मॉडल में 'कार्बन कैप्चर तकनीक' (Carbon Capture Technology) के जरिए कल-कारखानों और औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले हानिकारक धुएं से कार्बन डाइऑक्साइड को अलग कर सुरक्षित करने की सरल और प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाया गया है।
कार्बन कैप्चर तकनीक से जीता निर्णायकों का दिल
इस मॉडल का मुख्य उद्देश्य वातावरण में ग्रीनहाउस गैसों के दुष्प्रभावों को कम करना, ग्लोबल वार्मिंग पर रोक लगाना और समाज को स्वच्छ व हरित पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकनकर्ताओं और विषय विशेषज्ञों ने श्रेया के इस वैज्ञानिक विचार को पर्यावरण के अनुकूल, व्यवहारिक और समाजोपयोगी मानते हुए राष्ट्रीय स्तर की मुख्य प्रतियोगिता के लिए चुना है।
14 से 19 दिसंबर तक पुडुचेरी में मनेगा विज्ञान का महाकुंभ
श्रेया कुमारी फुल्लीडुमर प्रखंड के सुदूरवर्ती उत्क्रमित उच्च विद्यालय केंदुआर में अध्ययनरत हैं। इस पूरे प्रोजेक्ट में उन्हें विद्यालय के शिक्षक चंदन कुमार चौधरी ने मार्गदर्शन दिया।
53वीं राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन आगामी 14 से 19 दिसंबर 2026 तक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के ओल्ड फोर्ट ग्राउंड, गोविंद एन्क्लेव में किया जाएगा। इस छह दिवसीय राष्ट्रीय महाकुंभ में देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित बाल वैज्ञानिक अपने-अपने वैज्ञानिक मॉडल, प्रोजेक्ट और नए अनुसंधानों का प्रदर्शन करेंगे।
शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार ने दी बधाई
श्रेया की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) देवनारायण पंडित, डीपीओ स्थापना संजय कुमार, डीपीओ एसएसए फारूक रहमान, डॉ. एसकेपी सिन्हा, दीपक कुमार, अरुण कुमार अमन और नीतीश कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अमृता कुमारी सहित सभी शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने श्रेया के इस प्रदर्शन पर गर्व जताया और राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि सीमित संसाधनों वाले सरकारी स्कूल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना जिले के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी बड़ी प्रेरणा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।