विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका में कोर्ट जा रहे राजद नेता की मौत, भीषण सड़क हादसे में युवा प्रदेश सचिव समेत दो की गई जान, गांव में मातम

Published: Mon, 12 Oct 2026 06:49 PM (IST)

बांका में अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में राजद के युवा प्रदेश सचिव मु. सज्जाद और उनके ...और पढ़ें

कृष्णा और सज्जाद की फाइल फोटो।

कृष्णा और सज्जाद की फाइल फोटो।

HighLights

  1. राजद युवा प्रदेश सचिव मु. सज्जाद की मौके पर मौत।

  2. मित्र कृष्णा ने भागलपुर ले जाते समय दम तोड़ा।

  3. तारापघार के पास दो बाइकों की भीषण टक्कर।

संवाददाता, बांका। Banka Road Accident RJD Youth: बांका जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो घरों के चिराग बुझा दिए और पूरे राजनीतिक व सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ा दी।

अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग पर टाउन थाना क्षेत्र के तारापघार के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के युवा प्रदेश सचिव मु. सज्जाद सहित दो लोगों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है।

  • बांका जिला के अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग पर टाउन थाना क्षेत्र के तारापघार के समीप सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर

  • दुर्घटना में राजद के युवा प्रदेश सचिव सह सुभानपुर निवासी मु. सज्जाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत, जबकि मित्र कृष्णा की उपचार हेतु ले जाते समय रास्ते में गई जान

  • मृतक अपने मित्र भदरार निवासी कृष्णा के साथ बांका कोर्ट में तारीख पर जा रहे थे; हादसे में एकसिंघा निवासी रौशन कुमार भी गंभीर रूप से जख्मी

  • स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अमरपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अफसार आलम ने स्थिति नाजुक देख भागलपुर किया रेफर

मृतक मु. सज्जाद अमरपुर प्रखंड के सुभानपुर गांव के रहने वाले थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे अपने मित्र भदरार निवासी कृष्णा के साथ किसी मामले में तारीख पर बांका कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान तारापघार के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

मौके पर राजद नेता की मौत; भागलपुर ले जाने के दौरान दूसरे घायल ने तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि राजद के युवा प्रदेश सचिव मु. सज्जाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार कृष्णा और दूसरी बाइक पर सवार एकसिंघा निवासी रौशन कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां के चिकित्सक डॉ. अफसार आलम ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत भागलपुर रेफर कर दिया। परिजन घायल कृष्णा को लेकर भागलपुर जा ही रहे थे कि रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।

शोक में डूबे परिजन और राजनीतिक समर्थक; प्रशासनिक प्रक्रिया जारी

एक साथ दो युवाओं की मौत की खबर मिलते ही सुभानपुर और भदरार गांव में मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, राजद संगठन से जुड़े युवा नेता की इस तरह अचानक हुई मौत पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बांका में शिक्षक की करतूत थमी नहीं, मुंगेर में मास्टर साहब का चेहरा बेनकाब, छात्रा को भरमाया तो हुए निलंबित

यह भी पढ़ें- जदयू नेता की करंट से मौत, बांका में नंगे बिजली तार की चपेट में आए सज्जाद आलम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़