बांका में खूनी पंचायत: इंसाफ करने पहुंचे पंच ने लाठी मारकर की विधवा की हत्या, आरोपी फरार
शंभुगंज के लखनपुर गोयड़ा में एक पंचायत के दौरान पंच ने गाली देने पर विधवा सुकरी देवी की लाठी से ...और पढ़ें

विधवा महिला के मायूस स्वजन
HighLights
शंभुगंज में पंचायत के दौरान पंच ने विधवा को मारा।
गाली देने से नाराज पंच ने लाठी से वार कर हत्या की।
आरोपित पंच फरार, पुलिस ने जांच शुरू की और हिरासत में लिया।
संवाद सूत्र, शंभुगंज (बांका)। कहते हैं पंच परमेश्वर होता है, लेकिन शंभुगंज के लखनपुर गोयड़ा में रविवार की दोपहर पंचायत का फैसला सुनाने पहुंचे पंच ही जान के दुश्मन बन गए।
विवाद सुलझाने पहुंचे वृद्ध पंच अनिल उपाध्याय ने लाठी से सिर पर वार कर 45 वर्षीय विधवा सुकरी देवी की जान ले ली। घटना के बाद पंच फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रामचुआ पंचायत के लखनपुर गोयड़ा गांव में सुकरी देवी का अपने देवर से नाली का पानी बहाने और कचरा फेंकने को लेकर विवाद चल रहा था।
महिला ने दी पंच को गाली
इसी विवाद को सुलझाने के लिए गांव के पंच अनिल उपाध्याय पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर महिला ने पंच को गाली दे दी।
गाली से नाराज पंच ने लाठी से महिला के सिर पर वार कर दिया। चोट लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी। स्वजन के अनुसार इसी दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पति की करीब चार वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी।
आरोपित पंच फरार
घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। वहीं, वारदात के बाद आरोपित पंच फरार हो गया। पुलिस ने पंच की पत्नी और बच्चों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
