विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छापेमारी करने पहुंची टीम से भिड़ गए बालू कारोबारी! बांका में धक्का-मुक्की, एक ट्रैक्टर लेकर फरार; दो जब्त

Published: Mon, 05 Oct 2026 11:26 AM (IST)

बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के चिलमिल गांव में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान खनन विभाग ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. बांका में अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई।

  2. खनन टीम को बालू माफिया के कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा।

  3. एक ट्रैक्टर फरार, दो जब्त; आरोपियों पर FIR दर्ज।

संवाद सूत्र, बाराहाट (बांका)। Banka Illegal Sand Mining Raid Tractor Seized: जिलाधिकारी (डीएम) के सख्त निर्देश पर रविवार की शाम बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलमिल गांव में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान खनन विभाग और प्रशासनिक टीम को बालू माफिया के कड़े प्रतिरोध और दुस्साहस का सामना करना पड़ा।

छापेमारी दल द्वारा बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को रोकने के प्रयास के दौरान एक ट्रैक्टर का चालक अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए वाहन लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जबकि दो अन्य ट्रैक्टरों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

खनन विभाग के अनुसार, चिलमिल गांव में अवैध रूप से बालू ले जा रहे ट्रैक्टरों को रोका गया तो एक ट्रैक्टर के चालक व मालिक ने स्थानीय बालू कारोबारियों को बुलाकर टीम के साथ धक्का-मुक्की और जोर-जबरदस्ती शुरू कर दी। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर चालक बालू लदा ट्रैक्टर लेकर भाग निकला।

नाले में ट्रैक्टर फंसाकर भागे चालक, पुलिस ने जब्त किया बालू

दूसरी ओर, दो अन्य ट्रैक्टरों के चालकों ने पकड़े जाने के डर से अपने वाहनों को सड़क किनारे नाले में जानबूझकर फंसा दिया और मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही बाराहाट थाने की गश्ती पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

  • बांका जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार शाम बाराहाट थाना क्षेत्र के चिलमिल गांव में चलाए गए अवैध बालू खनन रोधी अभियान का मामला

  • कार्रवाई के दौरान खनन विभाग की छापेमारी टीम के साथ बालू कारोबारियों और चालक ने की धक्का-मुक्की तथा जोर-जबरदस्ती

  • एक ट्रैक्टर का चालक वाहन लेकर मौके से हुआ फरार, जबकि दो अन्य ट्रैक्टरों को नाले में फंसाकर भागे चालक

  • पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त कर थाना परिसर लाए गए; मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नाले में फंसे दोनों ट्रैक्टरों को बाहर निकालकर जब्त किया गया और सुरक्षित थाना परिसर में लाकर खड़ा कराया गया। वाहनों पर लदे बालू को भी जब्त कर लिया गया है।

अवैध खनन व परिवहन की FIR दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

खनन विभाग की टीम द्वारा जांच किए जाने पर जब्त ट्रैक्टरों के चालक या मालिक बालू परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध चालान अथवा सरकारी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग ने इसे स्पष्ट रूप से अवैध खनन, भंडारण और परिवहन का मामला माना है।

इस संदर्भ में बाराहाट थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस धक्का-मुक्की करने वाले कारोबारियों, फरार चालकों और वाहन मालिकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।