बांका: 6 महीने पहले लिए थे 7 फेरे, अब पत्नी की हत्या का आरोप; फरार पति ने आकर निभाई अंतिम रस्म
बांका के कैथा गांव में नवविवाहिता लक्ष्मी कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पति रंजीत मंडल, जिस पर हत्या का आरोप है, ने दो दिन बाद घर आकर शव को मुखाग्नि दी।

पति के इंतजार में दो दिन घर में रहा नवविवाहिता का शव, आरोपित पति ने दी मुखाग्नि (AI Generated Image)
HighLights
नवविवाहिता लक्ष्मी कुमारी की गोली मारकर हत्या हुई।
आरोपित पति रंजीत मंडल ने शव को मुखाग्नि दी।
मृतका की मां ने पति पर हत्या का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, रजौन (बांका)। बांका के कैथा गांव में नवविवाहिता की गोली मारकर हत्या के मामले में घटना के दूसरे दिन बुधवार रात शव की अर्थी उठी। पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों ने पति रंजीत मंडल के इंतजार में शव को दो दिन तक घर में रखा।
काफी समझाने-बुझाने के बाद रंजीत घर पहुंचा और पत्नी की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान घर में मातम पसरा रहा।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को रंजीत मंडल की पत्नी लक्ष्मी कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका की मां रीना देवी ने पति रंजीत मंडल और भगवानपुर गांव के दो मजदूरों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद से रंजीत फरार था।
रीना देवी ने बताया कि अंतिम संस्कार की कुछ रस्में पति निभाता है और मुखाग्नि देने की जिम्मेदारी भी उसी की थी। इसी कारण स्वजन उसके आने का इंतजार कर रहे थे।
पुलिस ने भी समझाकर अंतिम संस्कार करने की सलाह दी, लेकिन स्वजन पति के आने की मांग पर अड़े रहे। अंततः रंजीत घर पहुंचा और रस्में पूरी कीं।
लक्ष्मी और रंजीत की शादी छह महीने पहले हुई थी। घटना के दो दिन बाद भी मृतका के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां सहित अन्य स्वजनों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।