बिहार : 15 दिनों में खरीदें कृषि यंत्र; बांका में 752 किसानों को मिला परमिट, मिलेंगे 384 लाख रुपये के अनुदान
Bihar Agriculture Scheme :बांका जिले के किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने के लिए 752 परमिट जारी किए गए हैं, ...और पढ़ें

Bihar Agriculture Scheme : सरकारी अनुदान पर आधुनिक कृषि उपकरण।
HighLights
बांका में 752 किसानों को कृषि यंत्रों के परमिट मिले।
परमिट की वैधता केवल 15 दिनों के लिए निर्धारित की गई है।
किसानों को 383.61 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा।
संवाद सूत्र, बांका। Bihar Agriculture Scheme : सरकारी अनुदान पर आधुनिक कृषि उपकरण खरीदकर अपनी खेती को सुगम और किफायती बनाने की राह देख रहे बांका जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। 'सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन' योजना के अंतर्गत जिले में विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों की खरीद के लिए 752 परमिट जारी कर दिए गए हैं।
परमिट मिलने के साथ ही अब किसान निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिकृत विक्रेताओं से उपकरणों की खरीदारी कर सकेंगे। कृषि अभियंत्रण विभाग ने स्पष्ट किया है कि जारी किए गए सभी परमिटों की वैधता केवल 15 दिनों की होगी। किसानों को इस तय अवधि के भीतर ही यंत्रों का क्रय सुनिश्चित करना होगा, क्योंकि 15 दिन बीत जाने के बाद परमिट स्वतः निरस्त मान लिया जाएगा।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी से लें या पोर्टल से सीधे करें डाउनलोड
किसान अपनी सुविधा अनुसार परमिट प्राप्त कर सकते हैं। वे अपने संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) से संपर्क कर परमिट हासिल कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन तरीके से भी परमिट डाउनलोड करने की सरल व्यवस्था दी गई है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, जारी 752 परमिटों में पांच कृषि यंत्र बैंक और एक फार्म मशीनरी बैंक के परमिट भी शामिल हैं, जबकि बाकी परमिट व्यक्तिगत श्रेणी में किसानों को यंत्र खरीदने के लिए दिए गए हैं।
लागत घटाने को 383.61 लाख रुपये का अनुदान
कृषि यंत्रीकरण के उपनिदेशक रजनीश रंजन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बांका जिले के लिए व्यक्तिगत कृषि यंत्रों की खरीद पर कुल 383.61 लाख रुपये के अनुदान का लक्ष्य तय किया गया है। योजना का सीधा उद्देश्य किसानों को अनुदानित दर पर आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराना है, ताकि फसलों की बुआई, कटाई और दौनी जैसे कठिन कार्यों में समय व लागत दोनों की बचत हो सके।
10 ड्रोन बैंक और 6 यंत्र बैंकों से छोटे किसानों को सीधा लाभ
खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए जिले में छह नए कृषि यंत्र बैंक स्थापित करने का लक्ष्य है, जिस पर 24 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा तीन स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर और एक फार्म मशीनरी बैंक की भी स्थापना होगी।
उन्नत और डिजिटल खेती को रफ्तार देने के लिए जिले में 10 ड्रोन बैंक भी बनाए जाएंगे। इन केंद्रों के संचालन से छोटे और सीमांत किसानों को महंगे कृषि उपकरण खरीदने की बाध्यता नहीं रहेगी; वे बेहद किफायती किराये पर ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और कीटनाशक छिड़काव वाले ड्रोन जैसी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
"जिले में 752 कृषि यंत्रों की खरीद के लिए परमिट जारी कर दिए गए हैं। किसान अपने प्रखंड के बीएओ कार्यालय से परमिट प्राप्त कर सकते हैं अथवा विभागीय पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं। परमिट की वैधता 15 दिन तय है, अतः किसान निर्धारित समय के भीतर ही खरीदारी पूरी करें।"
— रजनीश रंजन, उपनिदेशक, कृषि अभियंत्रण, बांका।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।