विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका: 14 साल बाद मायके आई वंदना की छठ के बाद निकली अंतिम यात्रा, उजड़ गया पूरा परिवार

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:11 AM (GMT+05:30)

14 साल बाद अमेरिका से छठ मनाने मायके आईं वंदना राय की वापसी के दौरान एक सड़क हादसे में मौत हो गई। भागलपुर के पास हुए इस हादसे में कार चालक भी मारा गया, जबकि चार अन्य घायल हो गए, जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया।

मृतिका वंदना राय (फाइल फोटो) और रोते बिलखते स्वजन। सौ. स्वजन

मृतिका वंदना राय (फाइल फोटो) और रोते बिलखते स्वजन। सौ. स्वजन

HighLights

  1. 14 साल बाद अमेरिका से छठ मनाने आई थीं वंदना।

  2. छठ के बाद वापसी में सड़क हादसे में हुई मौत।

  3. हादसे में वंदना और चालक की मौके पर ही मृत्यु।

संवाद सूत्र, रजौन (बांका)। 14 साल का लंबा इंतजार... मायके की मिट्टी से मिलने की खुशी... बहनों के साथ छठ महापर्व मनाने का उत्साह। वंदना राय के लिए इस बार का छठ बेहद खास था। अमेरिका में रहने वाली वंदना अपने बेटे के साथ वर्षों बाद आसमानीचक गांव आई थीं।

घर में छठ की खुशियां थीं। बहनों के साथ पर्व मनाया और अपनों के बीच कुछ यादगार पल बिताए, लेकिन किसी को क्या पता था कि मायके से उनकी यह विदाई आखिरी होगी। गुरुवार की सुबह घने कोहरे ने उनकी जिंदगी की राह ही छीन ली।

छठ संपन्न होने के बाद वंदना अपनी तीन बहनों और बच्चों के साथ कार से बनारस लौट रही थीं। भागलपुर जिले के मधुसुदनपुर के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

घटना में वंदना और कार चालक जेनेंद्र शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बहनों के साथ लौटी थीं, अब अस्पताल में जिंदगी की जंग

जिस घर में कुछ घंटे पहले तक छठ की खुशियां गूंज रही थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। वंदना की मौत की खबर ने स्वजनों को भीतर तक झकझोर दिया।

परिवार के लोग मायागंज अस्पताल पहुंचे तो वहां अपनों को घायल अवस्था में देखकर उनका कलेजा कांप उठा। चार घायलों का इलाज चल रहा है।

परिवार के लिए यह दोहरी त्रासदी है। एक तरफ वंदना हमेशा के लिए बिछड़ गईं तो दूसरी तरफ घायल स्वजनों की सलामती की चिंता सता रही है। आसमानीचक गांव में भी वंदना की मौत से मातम पसरा है।

ग्रामीणों के बीच बस इसी बात की चर्चा है कि 14 साल बाद मायके आई बेटी की विदाई इस तरह होगी, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। छठ के गीतों और पर्व की खुशियों से गूंजने वाला घर अब अपनों को खोने के गम में डूबा है।

यह भी पढ़ें- सारण में भतीजी के तिलक से पहले उठी चाचा की अर्थी, ट्रैक्टर की टक्कर से मौत; परिवार में मातम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।