कभी कोलकाता की गुड़ मंडी की शान था अमरपुर, आज छठ के खरना में गन्ने के रस को तरसे व्रती; बांका में 100 रुपये जोड़ा बिका
Banka Amarpur Sugarcane Jaggery Industry बांका में लोक आस्था के महापर्व छठ के खरना अनुष्ठान के दौरान गन्ने के रस ...और पढ़ें

Banka Amarpur Sugarcane Jaggery Industry छठ के खरना प्रसाद से गायब हुआ गन्ने के रस का पारंपरिक रसिया
HighLights
खरना अनुष्ठान में गन्ने के रस की भारी कमी।
अमरपुर का गन्ना उद्योग हुआ लगभग समाप्त।
लागत वृद्धि और सिंचाई संकट मुख्य कारण।
जागरण संवाददाता, बांका। Banka Amarpur Sugarcane Jaggery Industry लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया और शनिवार को इसका प्रमुख अनुष्ठान खरना भी संपन्न हुआ। देर शाम हर व्रती के घर खरना का प्रसाद वितरित हुआ और प्रसाद ग्रहण करने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
लेकिन इस बार खरना के प्रसाद में परंपरागत गन्ने के रस से बना रसिया लगभग गायब दिखा। अधिकांश घरों में खीर या शक्कर के पानी से बना रसिया ही प्रसाद के रूप में बंटा।
सुबह से रस ढूंढते रहे भक्त, 50 से 100 रुपये जोड़ा बिका पूजन का गन्ना
शनिवार सुबह से ही व्रती और श्रद्धालु खरना का प्रसाद तैयार करने के लिए गन्ने का ताजा रस ढूंढने निकले, लेकिन कहीं रस नसीब नहीं हुआ। वहीं, छठ के डलिया में पूजने के लिए बांका से अमरपुर तक गन्ना 50 से 100 रुपये प्रति जोड़ा (पौधा) बिका, जबकि बाजार में 10 से 20 रुपये में गन्ने का एक टुकड़ा नसीब हुआ।
अमरपुर में चलती थीं 100 गुड़ मिलें, कोलकाता की मंडी तक थी धमक
मालूम हो कि डेढ़-दो दशक पूर्व तक बांका के गन्ने की धमक कोलकाता की गुड़ मंडी तक थी। कभी गन्ने की मिठास से ही बांका जिले की पहचान बनती थी। खासकर अमरपुर का इलाका गन्ना उत्पादन और गुड़ निर्माण के लिए दूर-दूर तक मशहूर था। यहां करीब 100 छोटी-बड़ी गुड़ मिलें संचालित होती थीं। अमरपुर में तैयार होने वाले गुड़ की गुणवत्ता और सोंधी मिठास ऐसी थी कि कोलकाता की मंडियों तक इसकी भारी मांग रहती थी। लेकिन समय के साथ गन्ने की खेती का रकबा सिमटता गया और गुड़ उद्योग भी धीरे-धीरे दम तोड़ता चला गया।
बढ़ती लागत, मजदूरों की कमी और सिंचाई संकट से टूटी किसानों की कमर
इस बड़े बदलाव की तस्वीर लोक आस्था के महापर्व छठ में साफ दिखाई दे रही है। कभी जिस जिले में गन्ने की भरपूर पैदावार होती थी, वहां आज छठ के खरना के लिए व्रतियों को गन्ने का ताजा रस तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जानकारों के मुताबिक, गन्ने की खेती से किसानों का मोहभंग होने के पीछे कई कारण हैं- खेती की बढ़ती लागत, मजदूरों की कमी, सिंचाई की समस्या और अपेक्षित मुनाफा नहीं मिलना इसके प्रमुख कारक हैं।
वहीं, पारंपरिक गुड़ मिलों के बंद होने से स्थानीय स्तर पर गन्ने की खपत का बाजार भी समाप्त होता गया। विडंबना है कि जिस अमरपुर की मिठास कभी कोलकाता तक पहुंचती थी, वहां आज छठ जैसे महापर्व पर गन्ने के रस का संकट खड़ा है। यदि गन्ने की खेती और गुड़ उद्योग को फिर से सरकारी व नीतिगत प्रोत्साहन नहीं मिला, तो यह गौरवशाली पहचान आने वाली पीढ़ियों के लिए महज इतिहास बनकर रह जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।