बांका में AI तकनीक से होगी 11 हजार शिक्षकों की जांच, शैक्षणिक रिकॉर्ड और अंकपत्रों का होगा डिजिटल मिलान
Teacher Investigation AI :बांका जिले में फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी पाने वाले 11 हजार से अधिक शिक्षकों की अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जांच होगी। शिक्षा विभाग ने पंचायत से लेकर बीपीएससी शिक्षकों तक के शैक्षणिक रिकॉर्ड और प्रमाणपत्रों के डिजिटल मिलान की तैयारी शुरू कर दी है।

Teacher Investigation AI : बांका में फर्जी गुरुजी को पकड़ने में लगेगा एआई
HighLights
एआई तकनीक से 11 हजार शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की होगी जांच।
फर्जी प्रमाणपत्रों की पहचान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग।
पंचायत से बीपीएससी शिक्षकों तक के रिकॉर्ड का डिजिटल मिलान।
जागरण संवाददाता, बांका। Teacher Investigation AI : जिले में फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे शिक्षक की नौकरी हासिल करने वालों की अब खैर नहीं है। पंचायत शिक्षकों से लेकर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के माध्यम से नियुक्त शिक्षकों तक की शैक्षणिक योग्यता और प्रमाणपत्रों की जांच में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद ली जाएगी।
तकनीक के जरिए फर्जी प्रमाणपत्रों की पहचान और शिक्षकों के दस्तावेजों का मिलान करने की तैयारी शुरू हो गई है। इससे जिले के 11 हजार से अधिक शिक्षकों की नौकरी पर जांच की तलवार लटक गई है।
शिक्षा विभाग की इस नई कवायद से उन शिक्षकों में बेचैनी बढ़ गई है, जिन्होंने कथित तौर पर गलत प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल की है। अब तक ऐसी गड़बड़ियों को पकड़ने के लिए विभागीय स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन और मानवीय जांच की जाती रही है। एआई के इस्तेमाल से प्रमाणपत्रों में छिपी विसंगति, संदिग्ध शैक्षणिक रिकॉर्ड और दस्तावेजों की प्रामाणिकता की जांच में काफी तेजी आने की उम्मीद है।
150 से अधिक पर हो चुकी है प्राथमिकी, 110 से ज्यादा बर्खास्त
बांका जिले में फर्जी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला पहले से ही जारी है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) अब तक 150 से अधिक शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चुका है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट के ऑफर के तहत भी 100 से अधिक संदिग्ध फर्जी शिक्षक पूर्व में नौकरी छोड़ चुके हैं। इसके अतिरिक्त विभागीय व प्रशासनिक जांच में भी 110 से अधिक शिक्षकों की सेवा समाप्त की जा चुकी है।
बीपीएससी से बहाल शिक्षकों के अभिलेखों का भी होगा मिलान
अब एआई आधारित जांच इस अभियान को नया आयाम दे सकती है। इस तकनीकी दायरे में पंचायत शिक्षक, प्रखंड एवं नगर निकाय स्तर पर नियुक्त शिक्षकों के साथ-साथ बीपीएससी से बहाल शिक्षकों के प्रमाणपत्र भी आ सकते हैं। खासकर शैक्षणिक योग्यता, प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, अंकपत्र और नियुक्ति से संबंधित अभिलेखों का डिजिटल मिलान महत्वपूर्ण होगा।
एआई संकेत के बाद संस्थानों से सत्यापन होगा जरूरी
हालांकि, शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल एआई से मिले तकनीकी संकेतों के आधार पर ही किसी शिक्षक को सीधे फर्जी घोषित नहीं किया जाएगा। संदिग्ध पाए गए दस्तावेजों का संबंधित बोर्ड, विश्वविद्यालय या संस्थानों से विधिवत सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच जरूरी होगी।
फिलहाल इस संभावित तकनीकी जांच ने जिले के शिक्षक महकमे में हलचल बढ़ा दी है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) संजय कुमार यादव ने बताया कि विभागीय पत्र के आलोक में जिले में इसकी तैयारी कराई जा रही है और फर्जी शिक्षकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।