टेबल पर पैर रखकर सोए HM और पैसे वसूलने वाले हेडमास्टर पर गिरी गाज, बांका में 3 शिक्षक नपे
बांका शिक्षा विभाग ने लापरवाही और मनमानी करने वाले तीन शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई की है। इसमें दो प्रधानाध्यापक हटाए ...और पढ़ें

बांका में शिक्षकों पर गिरी गाज, टेबल पर पैर रखकर सोने वाले HM समेत 3 पर कार्रवाई (AI Generated Image)
HighLights
बीरबलपुर HM पर टेबल पर पैर रखकर सोने के लिए कार्रवाई।
डीएए हाई स्कूल प्रभारी HM अवैध वसूली के आरोप में पद से हटे।
कंप्यूटर शिक्षक मुकेश कुमार बच्चों को पीटने पर निलंबित किए गए।
जागरण संवाददाता, बांका। शिक्षा विभाग में लापरवाह और मनमानी करने वाले शिक्षकों पर लगातार कार्रवाई जारी है। सोमवार को फिर दो प्रधानाध्यापक सहित तीन शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई कर दी है।
धोरैया में मध्य विद्यालय बीरबलपुर उर्दू के प्रधानाध्यापक मु.अब्दुल कयूम अंसारी विद्यालय के टेबल प्रिंसपल टेबल पैर रखकर गहरी नींद में सोने पर अनुशासनिक कार्रवाई के अधीन किया गया है।
धोरैया बीईओ को इसका जांच पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें 30 दिनों के अंदर इसका जवाब देने को कहा गया है। इस संबंध में पूछे गए स्पष्टीकरण में एचएम ने दो बार विरोधाभाषी जवाब दिया।
पहली बार कहा कि स्वतंत्रता दिवस का झंडा फहराने के बाद सिर में दर्द हो गया, इस कारण अपनी कुर्सी और स्कूल की टेबल पर पैर रख कर सोये थे। कुर्सी पर उनके सोने का वीडियो और फोटो भी प्रसारित हो गया था।
दूसरी घटना में शंभुगंज के डीएए उच्च विद्यालय का नीति आयोग की टीम ने निरीक्षण किया था। इसमें अभिभावकों ने स्कूल में बच्चों से पैसे की अवैध वसूली की शिकायत नीति आयोग की टीम और शिक्षा अधिकारी से की थी।
इस पर प्रभारी प्रधानाध्यापक को पद से हटाते हुए उनके खिलाफ निंदन की कार्रवाई की गई है। साथ ही उनके एक वेतन बढ़ोतरी पर रोक लगा दिया गया है। साथ ही इसी विद्यालय के कम्प्यूटर शिक्षक मुकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उनके खिलाफ बच्चों को बेवजह मारने, स्कूल में अक्सर से विलंब से आने और ई शिक्षा कोष पर देरी से उपस्थिति बनाने का आरोप है। 28 सितंबर को नीति आयोग की टीम के सामने सही जवाब नहीं देने का आरोप संसूचित किया गया है।
निलंबन अवधि में मुकेश कुमार का मुख्यालय बीआरसी बाराहाट निर्धारित किया गया है। इससे पहले कटोरिया के तेलंगवा प्राथमिक विद्यालय तेलंगवा की विशिष्ट शिक्षिका रूपा कुमारी को निलंबित कर मुख्यालय चांदन बीआरसी निर्धारित किया गया है।
छेड़खानी मामले में अनुप देवी कन्या उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पवन कुमार और उच्च विद्यालय सबलपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार को भी निलंबित किया जा चुका है।
निलंबन के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सबलपुर में ध्रुव मंडल को तथा कसबा बालिका उच्च विद्यालय में कृति सिंह को नया प्रभारी प्रधानाध्यापक घोषित किया है, जबकि कार्रवाई के संबंध में डीपीओ स्थापना संजय कुमार यादव ने अलग-अलग पत्र जारी कर दिया है।
