विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1000 साल बाद सामने आए सोमनाथ शिवलिंग के टुकड़े, 4 दिसंबर को औरंगाबाद में होंगे दर्शन

Published: Mon, 16 Nov 2026 05:50 PM (IST)

गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के मूल शिवलिंग के अवशेष 4 दिसंबर को औरंगाबाद पहुंचेंगे, जहां शाम 5 बजे से श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।

शिवलिंग और सोमनाथ मंदिर। फाइल फोटो

शिवलिंग और सोमनाथ मंदिर। फाइल फोटो

HighLights

  1. सोमनाथ शिवलिंग के अवशेष 4 दिसंबर को औरंगाबाद पहुंचेंगे।

  2. शाम 5 बजे से आम श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन।

  3. 1000 साल पुराने अवशेष श्री श्री रविशंकर को सौंपे गए।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। भगवान शिव के भक्तों के लिए चार दिसंबर खास रहेगा। गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के मूल शिवलिंग का अवशेष इस दिन शहर पहुंचेगा। शाम पांच बजे से आम श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। सरकार के वरिष्ठ अधिकारी प्रशांत कुमार ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सनातन संस्कृति में भगवान शिव का विशेष महत्व है और देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में सोमनाथ की विशिष्ट पहचान है।

करीब एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं ने मंदिर को क्षतिग्रस्त कर शिवलिंग खंडित कर दिया था। मंदिर के पुरोहित परिवार ने उसके टुकड़े सुरक्षित रखे और कई पीढ़ियों तक गुप्त रूप से उनका संरक्षण किया।

श्री श्री रविशंकर को सौंप गया टुकड़ा

प्रशांत के अनुसार, करीब 100 वर्ष पहले रांची के शंकराचार्य ने परिवार को अवशेष अगले 100 वर्षों तक सुरक्षित रखने का निर्देश दिया था। बाद में इसे दक्षिण भारत के एक संत को सौंपा जाना था, जिनके माध्यम से सोमनाथ मंदिर में शिवलिंग की स्थापना होनी थी।

परिवार ने अब अवशेष आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर को सौंप दिया है। अगले वर्ष सोमनाथ मंदिर में इसकी स्थापना होगी।

देशभर में निकलेगी अवशेष यात्रा 

इससे पहले देशभर के श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए अवशेष की यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा हिमाचल प्रदेश के चंबा से शुरू हुई। भोपाल, प्रयागराज और हरियाणा के बाद बिहार में एक से 10 दिसंबर तक दर्शन होंगे। भागलपुर, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पटना और औरंगाबाद में श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।

औरंगाबाद में 4 दिसंबर को प्रशांत कुमार के निजी आवास पर पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद शाम पांच बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था रहेगी।

यह भी पढ़ें- बिहार में दबा है भारत का सबसे ज्यादा सोना, खुदाई के लिए सरकार बनाएगी नया प्लान; 800 टन के आयात पर लगाम लगाने की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।