विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के नबीनगर रेलवे स्टेशन में कट्टा लेकर घूम रहे थे 2 युवक, RPF ने बैग की तलाशी ली तो उड़े होश

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:17 PM (IST)

नबीनगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो युवकों को देशी कट्टा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

रेलवे स्टेशन से 2 युवक गिरफ्तार। फोटो जागरण

रेलवे स्टेशन से 2 युवक गिरफ्तार। फोटो जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, बारुण (औरंगाबाद)। नबीनगर रेलवे स्टेशन पर हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर एक देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए गए।

गिरफ्तार युवकों की पहचान झारखंड के गढ़वा के कांडी थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी 25 वर्षीय विशाल कुमार और भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बनखेता गांव निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार यादव के रूप में हुई है।

पुलिस दोनों से पूछताछ कर हथियार के स्रोत और इसके संभावित इस्तेमाल की जानकारी जुटा रही है। सोननगर जीआरपी थानाध्यक्ष श्याम रजक ने बताया कि आरपीएफ इंस्पेक्टर रामविलास राम के नेतृत्व में नबीनगर स्टेशन पर जांच एवं छापामारी अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या दो पर ड्यूटी में तैनात आरपीएफ जवानों को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगी। जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ की और उनके बैग की तलाशी ली। बैग से देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद होने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।

डेढ़ माह पहले जेल से बाहर आया था विशाल

जीआरपी थानाध्यक्ष के अनुसार, गिरफ्तार विशाल कुमार के खिलाफ झारखंड के कांडी थाना में पहले से सात मामले दर्ज हैं। वह करीब डेढ़ माह पहले ही जेल से बाहर आया था।

पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही मनीष यादव के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। दोनों के संभावित आपराधिक कनेक्शन की जांच की जा रही है।

हथियार लेकर स्टेशन पहुंचने की वजह नहीं बता सके

पूछताछ में दोनों युवक हथियार और कारतूस के संबंध में पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों हथियार कहां से लेकर आए थे और नबीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने का उनका उद्देश्य क्या था।

हथियार तस्करी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों को शनिवार को जेल भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- यमुनानगर में ई-चालान का लिंक भेजकर 18 लाख की ठगी, बिहार से किराना दुकानदार गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- आरा में शराब के धंधे में इस्तेमाल हुए 17 मकान सील, अब खुलेगा पुरानी जब्ती का पूरा रिकॉर्ड