विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में शराब के धंधे में इस्तेमाल हुए 17 मकान सील, अब खुलेगा पुरानी जब्ती का पूरा रिकॉर्ड

Published: Sat, 26 Sep 2026 04:19 PM (IST)

भोजपुर जिले में शराबबंदी कानून के तहत जब्त 17 मकानों और संपत्तियों पर कार्रवाई तेज हो गई है। मद्य निषेध ...और पढ़ें

आरा में शराब के धंधे में इस्तेमाल हुए 17 मकान सील

आरा में शराब के धंधे में इस्तेमाल हुए 17 मकान सील

HighLights

  1. भोजपुर में शराबबंदी कानून के तहत जब्त संपत्तियों पर कार्रवाई तेज।

  2. जिले में अब तक 17 मकान शराब मामलों में जब्त किए गए।

  3. मद्य निषेध विभाग पुराने मामलों के अभिलेखों की समीक्षा कर रहा।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। शराबबंदी कानून के तहत शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी के मामलों में भोजपुर जिले में जब्त किए गए मकानों और अन्य संपत्तियों पर अब आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होने लगी है। वर्ष 2016 में शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक जिले में शराब से जुड़े मामलों में 17 मकानों को जब्त कर सील किया जा चुका है।

इनमें से एक मकान को हाल में नियमानुसार सीलमुक्त किया गया है, जबकि अन्य मामलों की वर्तमान कानूनी स्थिति की समीक्षा विभागीय स्तर पर की जा रही है।

मद्य निषेध विभाग के अनुसार, शराब की बिक्री या भंडारण के लिए इस्तेमाल किए गए मकानों को संबंधित मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया जाता है।

पुराने मामलों के अभिलेख खंगाल रहा विभाग

ऐसे मामलों की सुनवाई जिलाधिकारी के न्यायालय में होती है। विभाग अब पुराने मामलों के अभिलेखों को खंगालकर यह जानकारी जुटा रहा है कि किन संपत्तियों की जब्ती की गई थी, किन मामलों में कार्रवाई पूरी हो चुकी है और किन मामलों में प्रक्रिया लंबित है।

इस कवायद के जरिए जब्त संपत्तियों की मौजूदा कानूनी स्थिति स्पष्ट करने के साथ लंबित मामलों में आगे की प्रक्रिया को भी गति देने की तैयारी है।

कतीरा में हाल में सील किया गया मकान

हाल में आरा शहर के कतीरा स्थित शिवपुरी मोहल्ले में पेट्रोल पंप के समीप एक मकान को शराब बिक्री के मामले में सील किया गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद इस संपत्ति को भी जब्ती से संबंधित प्रक्रिया में शामिल किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई का दायरा केवल शराब की बरामदगी तक सीमित नहीं है। शराब के कारोबार के लिए इस्तेमाल की गई संपत्तियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।