विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिन में अस्पताल, रात में गोशाला! औरंगाबाद में 40 साल बाद भी पक्के भवन को तरस रहा यह स्वास्थ्य केंद्र

Published: Wed, 25 Nov 2026 04:54 PM (IST)

औरंगाबाद के दुलारे पंचायत में 40 साल बाद भी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पक्का भवन नहीं मिला है, जिससे ग्रामीण प्राथमिक उपचार के लिए 15-40 किमी दूर जाने को मजबूर हैं।

चार दशक से खपड़ैल भवन में चल रहा दुलारे एपीएचसी (सौ.जागरण)

 चार दशक से खपड़ैल भवन में चल रहा दुलारे एपीएचसी (सौ.जागरण)

HighLights

  1. दुलारे स्वास्थ्य केंद्र 40 साल से पक्के भवन को तरस रहा।

  2. केवल एक एएनएम के भरोसे चल रहा है पूरा अस्पताल।

  3. ग्रामीणों को इलाज के लिए 15-40 किमी दूर जाना पड़ता है।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। देव प्रखंड के दुलारे पंचायत मुख्यालय में अस्पताल तो है, लेकिन यहां इलाज की सुविधा है। ग्रामीणों को छोटी बीमारी में भी प्राथमिक उपचार के लिए 15 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देव जाना पड़ता है। 

गंभीर मरीजों को करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय कर सदर अस्पताल औरंगाबाद पहुंचना पड़ता है। स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव तक पहुंचाने के सरकारी दावे के बीच दुलारे अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) की बदहाली व्यवस्था की पोल खोल रही है। 

आज तक पक्का भवन नसीब नहीं हुआ

करीब चार दशक पहले स्वीकृत इस अस्पताल को आज तक पक्का भवन नसीब नहीं हुआ। खपड़ैल भवन में संचालित अस्पताल की स्थिति ऐसी है कि दिन में जहां मरीजों के उपचार होते हैं, वहीं रात में अस्पताल एवं आसपास का इलाका गोशाला बन जाता है। 

जब कांग्रेस के दिलकेश्वर राम स्वास्थ्य मंत्री थे तब इस अस्पताल की स्वीकृति मिली थी। सुदूरवर्ती और पहाड़तली क्षेत्र के ग्रामीणों को उम्मीद थी कि अस्पताल खुलने से घर के समीप ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। 

छोटी बीमारियों के उपचार के लिए उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा। लेकिन चार दशक बीतने के बाद भी ग्रामीणों की यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। अस्पताल का भवन जर्जर है और जरूरी संसाधनों का अभाव बना हुआ है।

एक एएनएम के भरोसे स्वास्थ्य केंद्र

दुलारे एपीएचसी की पूरी व्यवस्था महज एक एएनएम सरिता कुमारी के भरोसे चल रही है। करीब तीन वर्ष पहले यहां चिकित्सक की पदस्थापना हुई थी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार वे पहले दिन से अस्पताल नहीं आए। बाद में उन्होंने अपना स्थानांतरण भी करा लिया। 

चिकित्सक की तैनाती कागजों पर रही, पर ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिला। ऐसे में सवाल उठता है कि एक एएनएम और सीमित संसाधनों के सहारे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा कैसे मिलेगी।

दूरी और बदहाल रास्ते बढ़ाते हैं परेशानी

दुलारे और आसपास के गांवों के लोगों को सामान्य बीमारी में भी 15 किलोमीटर दूर देव जाना पड़ता है। गंभीर मरीजों को औरंगाबाद पहुंचने के लिए करीब 40 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। 

ग्रामीण मदन यादव, चंद्रदीप यादव, विजय भुइयां और बिजेंद्र यादव बताते हैं कि आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने में लगने वाला समय मरीज की परेशानी बढ़ा देता है। बरसात में पहाड़ी और सुदूरवर्ती इलाके के लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। खराब रास्ते और लंबी दूरी समय पर उपचार मिलने में बाधा बनते हैं।

भवन निर्माण और संसाधनों की दरकार

मुखिया बिजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि पंचायत मुख्यालय में चार दशक से अस्पताल संचालित है, लेकिन पक्का भवन नहीं बनना दुर्भाग्यपूर्ण है। न चिकित्सक हैं और न पर्याप्त सुविधाएं। कई बार मांग उठाने के बावजूद विभाग और जनप्रतिनिधियों ने सुध नहीं ली। 

ग्रामीणों का कहना है कि आरोग्य मंदिर का नाम देने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी। इसके लिए पक्का भवन, चिकित्सक, पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने होंगे।

यह भी पढ़ें- 3606 करोड़ की औरंगाबाद-ब‍िहटा रेललाइन की डेडलाइन तय, बिहार के 4 जिलों को मिलेगी सौगात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।