3606 करोड़ की औरंगाबाद-बिहटा रेललाइन की डेडलाइन तय, बिहार के 4 जिलों को मिलेगी सौगात
औरंगाबाद जिले में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की समीक्षा हुई, जिनमें बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड रेललाइन, शहरी जलापूर्ति और उत्तर कोयल जलाशय परियोजना शामिल हैं।

बैठक में शामिल डीएम अभिलाषा शर्मा। सौ-जिला प्रशासन
HighLights
औरंगाबाद में चार प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई।
बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड रेललाइन से चार जिलों को मिलेगा लाभ।
शहरी जलापूर्ति और सिंचाई परियोजनाओं से जीवन स्तर सुधरेगा।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जिले की तस्वीर बदलने वाली चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा शामिल हुईं। बैठक में रेल संपर्क के विस्तार, सिंचाई सुविधा, शहरी पेयजल आपूर्ति और भूमि अधिग्रहण की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई।
जिले के लिए महत्वपूर्ण इन परियोजनाओं में कहीं भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है तो कहीं निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अमृत 2.0 के तहत शहरी जलापूर्ति परियोजना की भौतिक प्रगति 81.69 प्रतिशत बताई गई है।
वहीं, औरंगाबाद शहर को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया निर्णायक चरण में है।
बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड रेललाइन : चार जिलों को मिलेगा रेल संपर्क
बिहटा से अनुग्रह नारायण रोड तक 117.06 किलोमीटर लंबी नई रेललाइन परियोजना पटना, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद को रेल संपर्क से जोड़ने की महत्वपूर्ण योजना है।
इसकी संशोधित लागत 3606.42 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना को सितंबर 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके पूरा होने से इन जिलों के लोगों को रेल यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी।
साथ ही क्षेत्र में आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। बैठक में परियोजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति और भूमि अधिग्रहण से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की गई।
औरंगाबाद टर्मिनल से अनुग्रह नारायण रोड को जोड़ने की तैयारी
औरंगाबाद शहर को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए 12.906 किलोमीटर लंबी नई रेललाइन का निर्माण प्रस्तावित है। 440.59 करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए सात मौजों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
अधिग्रहण के लिए धारा 20ई के तहत प्रकाशन की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। भू-धारकों को धारा 20एफ के तहत नोटिस भी जारी किए गए हैं।
प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन अंचल अधिकारी के माध्यम से किया जा रहा है। बैठक में अधिग्रहित भूमि का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस रेललाइन के निर्माण से औरंगाबाद शहर सीधे मुख्य रेल नेटवर्क से जुड़ सकेगा। यह जिले की परिवहन व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
उत्तर कोयल जलाशय परियोजना : सूखे खेतों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी
औरंगाबाद और गया के सूखाग्रस्त इलाकों में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने वाली नॉर्थ कोयल जलाशय परियोजना की लागत 1367.61 करोड़ रुपये है।
इसकी संशोधित पूर्णता तिथि 30 जून 2027 निर्धारित की गई है। परियोजना के तहत राइट मेन कैनाल (आरएमसी) के जीर्णोद्धार, लाइनिंग और वितरण प्रणाली के निर्माण का काम किया जा रहा है।
औरंगाबाद जिले में इसके लिए 41.251 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण कर कब्जा भी प्राप्त कर लिया गया है। परियोजना पूरी होने पर सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा और किसानों को खेती के लिए पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अमृत 2.0 : 81.69 प्रतिशत पूरा हुआ जलापूर्ति का काम
औरंगाबाद शहर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए अमृत 2.0 के तहत शहरी जलापूर्ति परियोजना संचालित है। योजना के अनुसार सोन नदी से सतही जल लाकर मजुराही स्थित क्लियर वाटर रिजर्वायर में जमा किया जाएगा।
इसके बाद पानी को महाराणा प्रताप चौक पर निर्माणाधीन मास्टर रिजर्वायर तक पहुंचाकर शहर के घरों में आपूर्ति की जाएगी। जल संसाधन विभाग के अनुसार परियोजना की समग्र भौतिक प्रगति 81.69 प्रतिशत है।
मार्च 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना पूरी होने से शहरवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
बैठक में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, वरीय उप समाहर्ता रितेश यादव, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- 3606 करोड़ की बिहटा-औरंगाबाद रेल परियोजना को मिली रफ्तार; 6500 हेक्टेयर जमीन होगी अधिग्रहित