औरंगाबाद में शहर के ऊपर से गुजरेगा 288 करोड़ का फोरलेन बाइपास, लेकिन जमीन अधिग्रहण ने रोका निर्माण
औरंगाबाद में 288 करोड़ रुपये का दाउदनगर फोरलेन बाइपास परियोजना जमीन अधिग्रहण पूरा न होने के कारण अटकी हुई है। टेंडर जारी होने के बावजूद 90% जमीन उपलब्ध न होने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

बाइपास सड़क निर्माण को लेकर एनएच-139 का निरीक्षण करते अधिकारी। सौ. एनएच
HighLights
288 करोड़ रुपये का दाउदनगर फोरलेन बाइपास परियोजना अटकी।
जमीन अधिग्रहण पूरा न होने से निर्माण कार्य रुका हुआ।
भखरुआं चौक पर जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। दाउदनगर शहर के भखरुआं चौक को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित फोरलेन बाइपास का निर्माण जमीन अधिग्रहण पूरा नहीं होने के कारण शुरू नहीं हो सका है।
करीब 288 करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए एक माह पहले टेंडर जारी किया गया था। 90 प्रतिशत जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर टेंडर की अवधि एक माह बढ़ा दी गई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दाउदनगर में 8.375 किलोमीटर लंबे फोरलेन बाइपास के निर्माण को मंजूरी दी है।
निर्माण के लिए जारी टेंडर की अवधि एक माह बढ़ाई गई
परियोजना पर लगभग 288 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें करीब 136.77 करोड़ रुपये सड़क निर्माण और लगभग 152 करोड़ रुपये जमीन अधिग्रहण पर खर्च किए जाएंगे।
निर्माण इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर कराया जाएगा। यह सड़क ग्रीनफील्ड होगी। सड़क दादनगर-गोह-गया मुख्य पथ के ऊपर से गुजरेगा।
एनएच के कार्यपालक अभियंता तुलसी प्रसाद ने बताया कि निर्माण एजेंसी को काम शुरू करने के लिए 90 प्रतिशत जमीन उपलब्ध करानी होगी।
जमीन अधिग्रहण पूरा नहीं होने के कारण अभी काम शुरू नहीं हो पाया है। जमीन मिलने के बाद एजेंसी निर्माण शुरू कर सकेगी।
90 प्रतिशत जमीन मिलने के बाद शुरू होगा काम
टेंडर में काम पूरा करने के लिए 24 महीने तय किए गए हैं। नौबतपुर से औरंगाबाद तक सड़क को फोरलेन बनाने की योजना के तहत दाउदनगर बाइपास को भी मंजूरी मिली है।
इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बेहतर करना और शहर में वाहनों का दबाव घटाना है। बाइपास बनने के बाद वाहन शहर से बाहर वैकल्पिक मार्ग से गुजर सकेंगे।
दाउदगर-गोह मुख्य सड़क के ऊपर से गुजरेगी सड़क
भारी वाहनों को भी भीड़भाड़ वाले हिस्से में प्रवेश किए बिना आगे जाने का रास्ता मिलेगा। इससे भखरुआं चौक पर जाम की समस्या घटने, यात्रियों का समय बचने और ईंधन की खपत कम होने की उम्मीद है।
सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होने के साथ स्थानीय लोगों और कारोबारियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। परियोजना में यूटिलिटी शिफ्टिंग, लेबर सेस और सीक्वेज शुल्क सहित अन्य निर्धारित खर्च शामिल हैं।
निर्माण पूरा होने के बाद एजेंसी सड़क का रखरखाव भी करेगी। इसके लिए 60 महीने यानी पांच वर्ष की अवधि तय की गई है। जमीन अधिग्रहण में देरी के कारण शहर की इस महत्वपूर्ण परियोजना का काम शुरू होने का इंतजार बढ़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।