दाउदनगर फोरलेन बाईपास के लिए 136 करोड़ का टेंडर जारी, पटना से औरंगाबाद का सफर होगा आसान
पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने पटना-औरंगाबाद-हरिहरगंज एनएच-139 परियोजना को केंद्र सरकार की स्वीकृति मिलने पर आभार व्यक्त किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
एनएच-139 पटना-औरंगाबाद-हरिहरगंज मार्ग को केंद्र से स्वीकृति।
पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने सरकार का आभार व्यक्त किया।
लाखों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क और सुगम आवागमन मिलेगा।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। दाउदपुर में एनएच 139 के पटना-औरंगाबाद-हरिहरगंज मार्ग को केंद्र सरकार की दिल्ली में हुई बैठक में स्वीकृति मिलने पर भाजपा के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के प्रति आभार जताया है।
पूर्व सांसद ने कहा कि इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को स्वीकृति मिलना क्षेत्र की जनता के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जब वे सांसद थे, तब लोकसभा में लगातार इस जनहितकारी सड़क परियोजना को पूरा कराने की मांग उठाई थी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित के प्रति अपने संकल्प के अनुरूप परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किया।
लोगों को मिलेगी सुविधाएं
उन्होंने कहा कि इस सड़क परियोजना से औरंगाबाद, अरवल, पटना सहित आसपास के क्षेत्रों की लाखों आबादी को बेहतर सड़क संपर्क और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास के नए अवसर खुलेंगे। सुशील कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), बाईपास सहित महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया था।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना और समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रही है। जनहित और क्षेत्र की प्रगति के लिए आगे भी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।
परियोजना की स्वीकृति पर भाजपा-एनडीए नेताओं, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों और जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
यह भी पढ़ें- बक्सर को मिली 210 करोड़ के 5.3 किमी लंबे बाईपास की सौगात, अब नहीं अटकेगा ROB का पेच
