पटना से सीधे जुड़ेगा औरंगाबाद! 4047 करोड़ की 2 रेल परियोजनाओं पर काम तेज, 4 जिलों की बदलेगी तस्वीर
औरंगाबाद जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने की वर्षों पुरानी उम्मीद अब साकार हो रही है, जिसमें बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड और औरंगाबाद टर्मिनल से अनुग्रह नारायण रोड तक दो महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर काम तेज किया जा रहा है।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
औरंगाबाद को रेल नेटवर्क से जोड़ने का वर्षों पुराना सपना साकार।
बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड और टर्मिनल रेल लाइन पर काम तेज।
परियोजनाओं से व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। औरंगाबाद शहर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की वर्षों पुरानी उम्मीद अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
जिले में रेल संपर्क विस्तार की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम तेज करने की तैयारी है। इनमें 117.06 किलोमीटर लंबी बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड नई रेल लाइन और 12.906 किलोमीटर लंबी औरंगाबाद टर्मिनल से अनुग्रह नारायण रोड तक रेल लाइन शामिल है।
इनके पूरा होने से औरंगाबाद सहित आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। डीएम अभिलाषा शर्मा ने बताया कि बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड रेल परियोजना की संशोधित लागत 3,606.42 करोड़ रुपये तय की गई है।
इसके तहत पटना, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद जिलों को रेल संपर्क से जोड़ने का प्राविधान है। परियोजना को सितंबर 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इस रेलखंड से राजधानी पटना और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन तेज होने के साथ क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
टर्मिनल से मुख्य रेल नेटवर्क तक जुड़ेगा शहर
औरंगाबाद शहर को सीधे मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली 12.906 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर 440.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एडीएम अनुग्रह नारायण सिंह ने बताया कि परियोजना के लिए 11 मौजों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
कुल 34.6528 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होना है। भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा 20ई के तहत प्रकाशन की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
भू-धारकों को धारा 20एफ के तहत नोटिस दिए गए हैं। बिहटा तक रेल परियोजना के लिए 30 मौजों की जमीन ली जाएगी।
आपत्तियों के निपटारे के बाद भूमि हस्तांतरण
डीएम ने बताया कि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी आपत्तियों का निष्पादन अंचल अधिकारी, औरंगाबाद के माध्यम से किया जा रहा है।
परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करने के बिंदुओं की समीक्षा की गई है। भूमि संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ सकेगा। दोनों परियोजनाओं से औरंगाबाद की रेल संपर्क की पुरानी मांग पूरी होने और जिले के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।