विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद में नाबालिग से गैंगरेप केस में लव एंगल, बेटी के बयान बदलने पर पिता ने की पिटाई  

Published: Sat, 26 Sep 2026 06:26 PM (IST)

औरंगाबाद में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप की जांच में नया मोड़ आया है। पुलिस को प्रेम प्रसंग और ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप की जांच में नया मोड़।

  2. पुलिस को प्रेम प्रसंग और पुरानी हत्या से जुड़ाव का संदेह।

  3. नाबालिग ने दुष्कर्म से इनकार किया, पुलिस सुरक्षा में।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। ढिबरा थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग को जंगल में दो दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के आरोप की जांच में पुलिस के सामने नया मोड़ आया है।

पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग और वर्ष 2024 में हुई हत्या के विवाद से जुड़ता दिखाई दे रहा है। दुष्कर्म की घटना से नाबालिग के इनकार करने के बाद उसके पिता द्वारा पिटाई किए जाने की बात सामने आई है।

शुक्रवार को पुलिस ने किशोरी को बरामद कर थाने लाया। अब उसकी सुरक्षा को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, किशोरी के पिता ने बुधवार को थाने में प्राथमिकी कराई थी।

इसमें आरोप लगाया गया था कि किशोरी जलावन लेने जंगल गई थी। इसी दौरान गांव के दो युवकों ने उसे बंधक बना लिया और दो दिनों तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। प्राथमिकी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था। उसके पिता को इसकी जानकारी होने के बाद विवाद शुरू हुआ।

पुलिस के अनुसार, किशोरी ने पूछताछ में दुष्कर्म की घटना से इनकार किया है। वहीं, मामले में नामजद दूसरे युवक के पिता की वर्ष 2024 में हत्या हुई थी। हत्या के इस मामले में किशोरी के स्वजन आरोपित हैं और मामला न्यायालय में अंतिम सुनवाई के स्तर पर है।

पुलिस को आशंका है कि पुराने हत्या मामले को प्रभावित करने के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से युवक को दुष्कर्म के मामले में आरोपित किया गया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को किशोरी के बयान बदलने के बाद उसके पिता ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद किशोरी कहीं छिप गई। पिता ने पुलिस को उसके अपहरण की सूचना दी।

सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और किशोरी को बरामद कर थाना ले आई। एसडीपीओ आदित्य कुमार ने बताया कि किशोरी की सुरक्षा को देखते हुए उसे जिला मुख्यालय स्थित अल्पावास गृह में रखने की तैयारी की गई है।

यदि वह घर जाना चाहती है तो पिता से उसकी सुरक्षा के संबंध में लिखित आवेदन लेने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग से जुड़े नामजद युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- किसी जाति को लुच्चा-लफंगा नहीं कहा, श्रीभगवान ने दी सफाई; राजद ने मंत्री पद से हटाने की मांग की

यह भी पढ़ें- FIR दर्ज न होने पर भड़की RJD सांसद मीसा भारती, गुस्से में मीडिया के सामने फाड़ी आवेदन की कॉपी