औरंगाबाद: मर्डर केस के आरोपी किशोर की सेफ हाउस में मौत, प्रशासन की थ्योरी पर भड़के परिजनों ने काटा बवाल
औरंगाबाद के एक सुरक्षित स्थान में रह रहे विधि विरुद्ध किशोर की गयाजी में इलाज के दौरान मौत हो गई। ...और पढ़ें

मर्डर केस के आरोपी किशोर की सेफ हाउस में मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
विधि विरुद्ध किशोर की गयाजी में इलाज के दौरान मौत हुई।
स्वजनों ने हत्या का आरोप लगा कर जमकर हंगामा किया।
अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज देखने का प्रस्ताव दिया।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बभनडीह स्थित सुरक्षित स्थान में रह रहे एक विधि विरुद्ध किशोर की बुधवार को गयाजी स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर आरा का निवासी था और हत्या के एक मामले में उसे यहां रखा गया था।
किशोर की मौत की सूचना मिलने के बाद बुधवार रात औरंगाबाद पहुंचे स्वजन ने हंगामा किया। स्वजन ने किशोर की तबीयत खराब होने की सूचना समय पर नहीं देने का आरोप लगाया। साथ ही उसकी मौत को लेकर संदेह जताते हुए हत्या का आरोप लगाया।
स्वजन को बताया गया कि मंगलवार रात किशोर ने सीने में दर्द होने की शिकायत की थी। इसके बाद उसे औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गयाजी स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
किशोर की मौत के बाद स्वजन ने कई सवाल उठाए। उनका आरोप था कि किशोर की तबीयत बिगड़ने के बावजूद उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई।
मौत की परिस्थितियों को लेकर स्वजन ने हत्या की आशंका भी जताई। वे किशोर का पोस्टमार्टम औरंगाबाद में कराने की मांग कर रहे थे, जबकि पोस्टमार्टम गयाजी में कराया जा चुका था।
जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक महेशानंद ने बताया कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद किशोर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे गयाजी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
उन्होंने हत्या की आशंका से इनकार करते हुए कहा कि सुरक्षित स्थान का सीसीटीवी फुटेज देखा जा सकता है। स्वजन की औरंगाबाद में पोस्टमार्टम कराने की मांग पर डीएम से बात की जा रही है।
यह भी पढ़ें- औरंगाबाद में घायल युवक की स्थिति बिगड़ने से भड़का आक्रोश, क्लीनिक फूंका; एंबुलेंस जलाई
यह भी पढ़ें- औरंगाबाद: छठ की खुशियां लेकर लौट रहा था परिवार, रास्ते में बिछ गईं 3 जिंदगियां