औरंगाबाद: छठ की खुशियां लेकर लौट रहा था परिवार, रास्ते में बिछ गईं 3 जिंदगियां
औरंगाबाद में छठ पर्व पर घर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रक से टकरा गई, जिसमें मुंबई से आ रहे ...और पढ़ें

छठ की खुशियां लेकर लौट रहा था परिवार, रास्ते में बिछ गईं 3 जिंदगियां
HighLights
छठ पर घर लौट रहे परिवार का हुआ भीषण हादसा।
स्कॉर्पियो-ट्रक टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत।
औरंगाबाद में मातम, दो लोग गंभीर रूप से घायल।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जिस आंगन में छठ के गीत गूंजने थे, वहां अब अपनों को खोने की चीख-पुकार है। घर में बेटे, बहू और बच्चों के स्वागत की तैयारी थी, वहां अब तीन अर्थियां उठने का गम है। छठ महापर्व पर अपनों के बीच पहुंचने की खुशी लेकर मुंबई से राजकुमार चौहान निकले थे।
किसी ने सोचा भी नहीं था कि जिस सफर में वर्षों की परंपरा, पर्व का उत्साह और परिवार से मिलने की बेताबी शामिल थी, वही सफर तीन लोगों की जिंदगी का आखिरी बन जाएगा।
औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर स्थित रतनुआं ओवरब्रिज पर गुरुवार की अहले सुबह पांच बजे हुई भीषण सड़क हादसे ने एक ही परिवार की तीन जिंदगियां छीन लीं और दो लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया।
ट्रक से ओवरटेक करने के दौरान हुई दुर्घटना
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा की माने तो स्कॉर्पियो की रफ्तार तेज थी और ट्रक से ओवरटेक करने के दौरान दुर्घटना हुई है। जिस ट्रक से स्कॉर्पियो टकराया उसका चालक वाहन लेकर फरार हो गया। नवादा के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी राजकुमार मुंबई में रहकर काम करते थे।
छठ पर घर लौटना उनकी हर साल की परंपरा थी। ट्रेन में जगह नहीं मिली तो वे मुंबई से बस से वाराणसी पहुंच गए। परिवार के साथ पर्व मनाने की तैयारी थी। वाराणसी पहुंचने के बाद ससुर भगवान दास और साला नीतीश कुमार स्कॉर्पियो लेकर उन्हें लाने नवादा से पहुंचे थे।
सभी एक साथ घर के लिए रवाना हुए, लेकिन औरंगाबाद के नगर थाना क्षेत्र के रतनुआं गांव के पास जीटी रोड तेज रफ्तार ट्रक से स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में आठ वर्षीय मासूम रितेश और उसके नाना भगवान दास की घटनास्थल पर मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल राजकुमार ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल औरंगाबाद में दम तोड़ दिया। पत्नी किरण देवी और साला नीतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गयाजी में इलाज चल रहा है।
राजकुमार के 12 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार सुरक्षित
दुर्घटना में राजकुमार के 12 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार सुरक्षित बच गए, लेकिन उसके सिर से पिता और छोटे भाई का साया हमेशा के लिए उठ गया। हादसे की खबर मिलते ही सलेमपुर से लेकर भगवान दास के ससुराल नारदीगंज थाना क्षेत्र के जोरावर बिगहा तक मातम पसर गया।
जिन घरों में छठ की तैयारी चल रही थी, वहां अब शोक और सन्नाटा है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों के शव का पोस्टमार्टम करा स्वजन को सौंप दिया।
छठ पर घर लौटने की आस लगाए परिवार को अब अपनों के पार्थिव शरीर का इंतजार करना पड़ रहा है। जिस आंगन में पर्व के मंगलगीत गूंजने थे, वहां अपनों की यादें और बिछड़ने का असहनीय दर्द रह गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।