धूप में तपना और बारिश में भीगना मजबूरी! औरंगाबाद में खुले आसमान के नीचे सड़क पर बस का इंतजार करते हैं यात्री
औरंगाबाद में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करना पड़ता है, क्योंकि शहर में यात्री शेड और बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है।

खुले आसमान के नीचे सड़क पर बस का इंतजार करते हैं यात्री (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
औरंगाबाद में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बसें इंतजार करनी पड़ती हैं।
शहर में यात्री शेड और बैठने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है।
धूप, बारिश और दुर्घटनाओं का खतरा यात्रियों के लिए बड़ी समस्या।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। शहर में यात्री बसों का इंतजार करते हैं सड़क पर और प्रशासन को उनकी परेशानी नजर नहीं आती। गया, डाल्टेनगंज, बोकारो, टाटा, रांची, दिल्ली और अंबिकापुर समेत कई शहरों के लिए प्रतिदिन सैकड़ों बसों का परिचालन होता है, लेकिन यात्रियों के बैठने और इंतजार करने के लिए एक अदद यात्री शेड तक उपलब्ध नहीं है।
नतीजा है कि यात्रियों को खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। शहर में यात्री सुविधाओं की यह बदहाल तस्वीर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
यात्रियों को घंटों खड़ा रहना पड़ रहा
शहर में ओवरब्रिज के दोनों ओर, महाराणा प्रताप चौक, जसोइया मोड़, फारम और कामा बिगहा मोड़ प्रमुख बस पड़ाव हैं। इन स्थानों पर दिनभर यात्रियों की भीड़ लगी रहती है। इसके बावजूद न तो यात्री शेड बनाए गए हैं और न ही बैठने की कोई व्यवस्था है।
बस आने के इंतजार में यात्रियों को घंटों खड़ा रहना पड़ता है। सड़क किनारे यात्रियों की भीड़ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रही है। कई बार वाहन की चपेट में आने से यात्री घायल भी हो चुके हैं।
वर्षा में भीगना और धूप में तपना मजबूरी
न्यू एरिया निवासी अनुज सिंह, आलोक कुमार, राज कुमार, रोहन कुमार, अनिता कुमारी और बिंदु कुमारी ने बताया कि यात्री प्रतीक्षालय नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी बारिश और गर्मी के मौसम में होती है।
बारिश में भीगते हुए बस का इंतजार करना पड़ता है, जबकि तेज धूप में खड़े रहना मुश्किल हो जाता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ती है। लगातार खड़े रहने से पैरों में दर्द होने लगता है।
नगर परिषद और प्रशासन से यात्री शेड की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के प्रमुख बस पड़ावों पर यात्री शेड का निर्माण कराया जाना चाहिए। यहां बैठने के लिए बेंच और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध होनी चाहिए। कई बार अधिकारियों से मांग की गई, लेकिन अब तक पहल नहीं हुई।
यात्रियों का कहना है कि सड़क पर खड़े होकर बस का इंतजार करना उनकी मजबूरी है, जबकि यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अब इस दिशा में ठोस पहल जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।