विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

81.78 करोड़ रुपये खर्च, फिर भी खुले में शौच जारी! अरवल में कागजों पर सिमटा ओडीएफ का दावा

Published: Thu, 19 Nov 2026 04:04 PM (IST)

लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत 81.78 करोड़ रुपये खर्च कर 68,157 शौचालय बनाने के बावजूद अरवल जिले का खुले में ...और पढ़ें

अरवल में कागजों पर सिमटा ओडीएफ का दावा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

अरवल में कागजों पर सिमटा ओडीएफ का दावा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. अरवल में 81 करोड़ खर्च के बाद भी खुले में शौच जारी।

  2. 68 हजार से अधिक शौचालय बने, फिर भी कई परिवार वंचित।

  3. स्वच्छता अभियान की सक्रियता कम, जमीनी हकीकत चिंताजनक।

जागरण संवाददाता, अरवल। जिले को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) घोषित करने का दावा जमीनी हकीकत से मेल नहीं खा रहा है। लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत गांव-गांव में घर-घर शौचालय निर्माण कराने और जागरूकता अभियान चलाने पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन खुले में शौच की समस्या खत्म नहीं हो सकी है। 

शहर की मलिन बस्तियों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक आज भी कई परिवार शौचालय की सुविधा से वंचित हैं। मजबूरी में लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है। 

81 करोड़ 78 लाख 84 हजार रुपये खर्च 

विभाग के अनुसार, वर्ष 2016 से अब तक जिले में 68 हजार 157 घरों में शौचालय का निर्माण कराया गया है। इस पर सरकार की ओर से 81 करोड़ 78 लाख 84 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा जिले में 38 सामुदायिक शौचालयों का भी निर्माण कराया गया है। 

प्रत्येक व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण पर लाभुकों को 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बाद भी खुले में शौच की समस्या बरकरार रहना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

पांच प्रखंडों में इतने बने शौचालय

जिले के पांच प्रखंडों में शौचालय निर्माण के आंकड़ों पर गौर करें तो अरवल में 10,168, कलेर में 15,551, कुर्था में 12,133, करपी में 20,960 और बंशी में 9,345 शौचालय बनाए गए हैं। इसके बावजूद कई घरों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

सड़क किनारे गंदगी से परेशानी

खुले में शौच के कारण सड़क किनारे गंदगी फैल रही है। इससे बदबू के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। वर्ष 2016 में खुले में शौच रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया था। 

पंचायत स्तर पर स्वच्छता पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की गई थी, लेकिन वर्तमान में अभियान की सक्रियता नजर नहीं आ रही है। स्वच्छता के दावे और धरातल की स्थिति में अंतर साफ दिख रहा है।

खुले में शौच रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिन परिवारों के घरों में अब तक शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है, वहां शौचालय बनवाने की दिशा में पहल की जा रही है। - निलेश कुमार , जिला स्वच्छता समन्वयक

यह भी पढ़ें- अरवल से राजगीर का सफर होगा सुपरफास्ट, NH-33 बनेगा 4 लेन; 17 मौजा में होगा भूमि अधिग्रहण 


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।