विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अरवल: 42 वर्षों से छठ व्रत कर रहीं मीरा देवी, सास से सीखे नियमों को निभा रही अगली पीढ़ी

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:47 PM (IST)

अरवल की 65 वर्षीय मीरा देवी 43वीं बार छठ व्रत कर रही हैं, जिन्होंने 21 वर्ष की उम्र में अपनी ...और पढ़ें

42 वर्षों से छठ व्रत कर रहीं मीरा देवी, सास से सीखे नियमों को निभा रही अगली पीढ़ी

42 वर्षों से छठ व्रत कर रहीं मीरा देवी, सास से सीखे नियमों को निभा रही अगली पीढ़ी

HighLights

  1. मीरा देवी 43वीं बार कर रही हैं छठ महापर्व का व्रत।

  2. सास से सीखकर 21 वर्ष की उम्र में शुरू किया था।

  3. बदली परंपराएं पर छठी मैया के प्रति आस्था अटूट।

जागरण संवाददाता, अरवल। छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था, परंपरा और संस्कारों की विरासत भी है। बुजुर्गों से पूजा के नियम और विधि सीखकर नई पीढ़ी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है।

करपी प्रखंड के रामपुर गांव निवासी 65 वर्षीय मीरा देवी इसकी मिसाल हैं। वह अब तक 42 वर्षों तक छठ व्रत कर चुकी हैं और इस वर्ष 43वीं बार व्रत कर रही हैं।

मीरा देवी बताती हैं कि वर्ष 1982 में 21 वर्ष की उम्र में उनकी शादी हुई थी। शादी के बाद सास फुलेश्वरी देवी ने उन्हें छठ व्रत करने के लिए प्रेरित किया। पूरा परिवार पहली बार सोनपुर में छठ करने गया था। इसके बाद उन्होंने लगातार व्रत करना शुरू कर दिया। सास के निधन के वर्ष उन्होंने व्रत नहीं किया था।

उनका कहना है कि छठी मैया और भगवान भास्कर पर उनकी अटूट आस्था है। परिवार में सुख-शांति बनी रही। पति भोला सिंह सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी पांच बेटियां और एक बेटा हैं। सभी बेटियों की शादी हो चुकी है।

तीन महीने पहले शुरू होती थी तैयारी

मीरा देवी के अनुसार, 1982 में छठ की तैयारी करीब तीन महीने पहले शुरू हो जाती थी। खेत में उगाए गए ईख से गुड़ तैयार होता था और छठ के लिए चावल ढेकी में कुटवाया जाता था।

अधिकांश पूजन सामग्री घर या गांव में ही उपलब्ध हो जाती थी। अब बाजार में हर तरह की सामग्री मिलने से एक सप्ताह में ही तैयारी पूरी हो जाती है।

लालटेन से बिजली तक पहुंचा छठ घाट

पहले घाटों पर गैस और लालटेन से रोशनी होती थी। घरों में भी लालटेन की रोशनी में प्रसाद तैयार किया जाता था। महिलाएं घर-घर छठ गीत गाती थीं। अब बिजली, जनरेटर और लाउडस्पीकर ने पूजा का स्वरूप बदल दिया है।

नई पीढ़ी पारंपरिक छठ गीत गाना भूलती जा रही है। पूजा के तौर-तरीके बदले हैं, लेकिन छठी मैया के प्रति लोगों की आस्था आज भी उतनी ही अटूट है।

यह भी पढ़ें- 45 साल से मुस्लिम परिवार कर रहा छठी मैया की पूजा, ऐसी कृपा कि सास के बाद बहू भी रख रही व्रत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।