अरवल में 41 छूटे टोलों के 2460 घरों तक पहुंचेगा नल का जल, पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू
अरवल जिले के 41 छूटे हुए टोलों के 2460 घरों को मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के तहत नल-जल योजना से जोड़ा जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक नल-जल योजना का मिलेगा लाभ। (फाइल फोटो)
HighLights
अरवल के 41 छूटे टोलों में नल-जल योजना शुरू।
2460 घरों को मिलेगा मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल का लाभ।
ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
जागरण संवाददाता, अरवल। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक नल-जल योजना की सुविधा से वंचित टोलों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के तहत जिले के 41 छूटे हुए टोलों के 2460 घरों को नल-जल योजना से जोड़ने की पहल शुरू कर दी गई है।
इसके तहत संबंधित टोलों में पाइपलाइन बिछाने और घरों तक नए जल कनेक्शन पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। जिला पंचायती राज विभाग की इस पहल से ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
दरअसल, नल-जल योजना के शुरुआती चरण में प्रत्येक वार्ड के केवल दो टोलों को ही योजना से जोड़ा गया था। इस कारण वार्ड के कई अन्य टोले पेयजल सुविधा से वंचित रह गए थे।
ऐसे टोलों को चिह्नित कर अब योजना का विस्तार किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकने और दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहने से राहत मिलेगी।
चार प्रखंडों के 41 टोलों में चल रहा काम
योजना के विस्तार के लिए जिले के चार प्रखंडों का चयन किया गया है। इसमें सदर प्रखंड के 17 टोले, करपी के 14 टोले, कुर्था के दो टोले और बंशी प्रखंड के आठ टोले शामिल हैं।
इन सभी टोलों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जरूरी आधारभूत संरचनाएं तैयार की जा रही हैं। विभाग का लक्ष्य सभी चिह्नित घरों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाना है।
हर परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना लक्ष्य
जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जिले में नल-जल सुविधा से वंचित टोलों को चिह्नित कर योजना से जोड़ा जा रहा है।
41 टोलों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है।
यह भी पढ़ें- जहानाबाद-अरवल में बनेंगे 5 नए टोल नाके, 11 करोड़ रुपये होंगे खर्च; निजी गाड़ियों को मिलेगी राहत