विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धुआं-मुक्त रसोई के दावे फेल! अरवल के 80% स्कूलों में दो महीने से लकड़ी-उपले के चूल्हे पर बन रहा मिड-डे-मील 

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:26 PM (IST)

अरवल जिले के 80% से अधिक प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में पिछले दो महीने से मध्याह्न भोजन लकड़ी और उपले के चूल्हों पर बन रहा है, जिससे धुआं-मुक्त रसोई के दावे विफल हो रहे हैं।

लकड़ी-उपले के चूल्हे पर बन रहा मिड-डे-मील  (सौ. जागरण)

लकड़ी-उपले के चूल्हे पर बन रहा मिड-डे-मील  (सौ. जागरण)

HighLights

  1. अरवल के 80% स्कूलों में मध्याह्न भोजन लकड़ी के चूल्हे पर।

  2. पिछले दो महीने से स्कूलों में गैस सिलेंडर का अभाव।

  3. घरेलू कनेक्शन न मिलने से रसोईये पुराने चूल्हों पर मजबूर।

शिव मिश्रा, अरवल। बच्चों को धुआं-मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित भोजन देने का दावा जिले में दम तोड़ता नजर आ रहा है। जिले के 80 प्रतिशत से अधिक प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में लकड़ी के चूल्हा पर पक रहा खाना व्यवस्था की हकीकत उजागर कर रही है। 

विद्यालय परिसर में ईंट सजा कर बनाये गये अस्थायी चूल्हे में लकड़ी और उपले जलाये जा रहे, उसी पर पतीली और कुकर चढ़ाकर बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बनाया जा रहा है। 

दो महीने से यही स्थिति बनी हुई 

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह कोई एक दिन की मजबूरी नहीं बल्कि पिछले दो महीने से यही स्थिति बनी हुई है। जिले में 314 प्राथमिक, 217 मध्य विद्यालय के साथ 9 पीएम श्री विद्यालय में भी बच्चों को मध्याह्न भोजन मिलता है। कुल मिलाकर जिले के 540 विद्यालय में मध्याह्न भोजन मिलता है। 

दरअसल, पहले सभी विद्यालयों में व्यावसायिक सिलेंडर पर खाना बनता था। उसके बाद विभाग द्वारा व्यावसायिक सिलिंडर हटाकर घरेलू सिलिंडर इस्तेमाल करने का निर्देश आया। 

स्कूल फिर से पुराने दौर के चूल्हों पर लौट आए 

सभी व्यावसायिक सिलिंडर विद्यालय से हटा लिए गए, लेकिन आज भी 80 प्रतिशत से अधिक विद्यालयों को घरेलू कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिस कारण चूल्हा फूंकने पर रसोईया मजबूर हैं। 

गैस सिलिंडर के अभाव में स्कूल फिर से पुराने दौर के चूल्हों पर लौट आए हैं। इसका खामियाजा छोटे बच्चों को उठाना पड़ रहा है।

जिले के 80 प्रतिशत विद्यालयों में अभी घरेलू कनेक्शन नहीं मिला है। कनेक्शन लेने के लिए विभाग से 44 सौ रुपए एक कनेक्शन पर जारी हुआ है। जल्द ही सभी स्कूलों में घरेलू कनेक्शन मिल जाएगा। प्राथमिक विद्यालयों में प्रति छात्र 6.76 पैसे और मध्य विद्यालयों में प्रति छात्र 10.17 पैसा मध्याह्न भोजन के लिए मिलता है। इसी में चावल छोड़कर सभी चीज जुटानी होती हैं। - खुशबू कुमारी , डीपीओ मध्याह्न भोजन

यह भी पढ़ें- 81.78 करोड़ रुपये खर्च, फिर भी खुले में शौच जारी! अरवल में कागजों पर सिमटा ओडीएफ का दावा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।