विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में बकरा नदी में मिट्टी निकालने के दौरान तीन बच्चे डूबे, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम

Published: Mon, 19 Oct 2026 06:42 PM (IST)

अररिया के जोकीहाट में बकरा नदी से मिट्टी निकालते समय तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद ...और पढ़ें

रेस्क्यू ऑपरेशन चलाती एनडीआरएफ की टीम और जुटी भीड़

रेस्क्यू ऑपरेशन चलाती एनडीआरएफ की टीम और जुटी भीड़ 

HighLights

  1. अररिया की बकरा नदी में तीन बच्चे डूबे।

  2. मिट्टी निकालने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा।

  3. NDRF और पुलिस टीम बच्चों की तलाश में जुटी।

संवाद सूत्र, जोकीहाट (अररिया)। अररिया जिले के जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत महलगांव थाना क्षेत्र के उदा घाट स्थित बकरा नदी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां नदी से मिट्टी निकालने के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल महलगांव थाना पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और डूबे बच्चों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

सभी डूबे बच्चे चीरह पंचायत के वार्ड नंबर चार, उदा गांव के रहने वाले हैं। हादसे का शिकार हुईं बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय नजदा परवीन, 13 वर्षीय रौफत और 13 वर्षीय ऐनाज के रूप में हुई है।

मिट्टी निकालने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी बच्चे उदा घाट के पास बकरा नदी से मिट्टी निकालने के काम में जुटे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने या गहरे पानी का अंदाज न मिलने के कारण वे नदी के तेज और गहरे बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गए। आसपास के लोगों ने जब तक कुछ समझकर शोर मचाया, तब तक तीनों बच्चे पानी में ओझल हो चुके थे।

एनडीआरएफ की टीम गोता लगाकर कर रही तलाश

घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एकत्र हो गए हैं। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम के सदस्य विशेष उपकरणों और गोताखोरों की मदद से गहरे पानी में लगातार बच्चों की खोजबीन में जुटे हैं।

हालांकि, काफी मशक्कत के बावजूद अब तक डूबे बच्चों का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें- अररिया में सीओ-राजस्व कर्मियों की हड़ताल से अंचल दफ्तर ठप, दाखिल-खारिज और परिमार्जन पर ब्रेक

यह भी पढ़ें- चचरी पुल-नाव के सहारे जिंदगी, 64 करोड़ का पुल अब तक अधूरा, अररिया के तीरा घाट पर कब शुरू होगा निर्माण