विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में स्मैक तस्करों का STF पर जानलेवा हमला, 6 जवान घायल; मुखिया प्रतिनिधि समेत 3 गिरफ्तार

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:10 PM (IST)

नारपतगंज-फारबिसगंज फोरलेन पर मादक पदार्थ तस्करों ने एसटीएफ टीम पर हमला कर दिया, जिसमें छह जवान घायल हो गए और चार की हालत गंभीर है।

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

HighLights

  1. एसटीएफ टीम पर तस्करों ने लाठी-डंडों से किया हमला।

  2. हमले में छह जवान घायल, चार की हालत गंभीर।

  3. तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज-फारबिसगंज फोरलेन हाईवे पर नरपतगंज थाना क्षेत्र के थलहा नहर के समीप रविवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ने गई एसटीएफ की टीम पर हमला कर दिया गया।

आरोप है कि स्मैक तस्करों ने एकजुट होकर जवानों पर लाठी-डंडे और लोहे की रड से हमला किया। इस दौरान छह जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटनास्थल पर 10 राउंड से अधिक गोली चलने की भी सूचना है। हालांकि, फायरिंग की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

गुप्त सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी एसटीएफ की टीम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की टीम गुप्त सूचना के आधार पर खैरा पंचायत के देवीगंज स्टेशन के समीप छापेमारी करने पहुंची थी।

इस दौरान टीम ने दयानंद साह और अनिल साह को गिरफ्तार किया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर खैरा गढ़िया पंचायत के समीप फोरलेन पर मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा था।

इसी दौरान आरोप है कि खैरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उमर फारूक और उसके सहयोगियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर एसटीएफ की टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जवानों के साथ मारपीट की।

अचानक हुए हमले के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। जवानों ने वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें खदेड़कर पीटा। इस दौरान गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

एसटीएफ की गाड़ी समेत कार क्षतिग्रस्त

हमले में एसटीएफ की बोलेरो गाड़ी के साथ एक सफेद रंग की टोयोटा ग्लैंजा कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने इस मामले में दयानंद साह, पिता आनंदी साह, निवासी देवीगंज वार्ड संख्या 13; राजकुमार साह, पिता सदानंद साह, निवासी खैरा गढ़िया वार्ड संख्या 13; तथा जुल्फिकार, पिता मो. शणिक, निवासी मधुरा पलार वार्ड संख्या 14 को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

छह जवान घायल, चार की हालत गंभीर

हमले में घायल एसटीएफ जवानों को इलाज के लिए नरपतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायल जवानों में अमरजीत कुमार भारद्वाज, लोकेश कुमार, मंजेश कुमार, नीरज कुमार, राम जुलम कुमार और मुकेश कुमार के नाम सामने आए हैं।

इनमें चार जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, घायलों की स्थिति और उपचार से संबंधित विस्तृत जानकारी की आधिकारिक पुष्टि अपेक्षित है।

एसडीपीओ ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से भी जानकारी ली।

एसडीपीओ ने बताया कि तस्करों को पकड़ने गई एसटीएफ की टीम पर खैरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि के नेतृत्व में जानलेवा हमला किए जाने की बात सामने आई है।

मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में गोली चलाए जाने की बात सामने आई है।

वहीं, तस्करों की ओर से भी फायरिंग किए जाने की आशंका को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।

घटना के बाद फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार के अलावा नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार, फुलकाहा थानाध्यक्ष विवास कुमार और बथनाहा थानाध्यक्ष धनजी कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल अस्पताल पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और मामले में आगे की कार्रवाई तेज करने की बात कही।

यह भी पढ़ें- चाकू-ब्लेड और 21000 कैश के साथ 7 ट्रेन लुटेरे गिरफ्तार, भागलपुर में GRP और RPF का एक्शन; सरगना फरार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।