भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी का बड़ा एक्शन! 1396 किलो तस्करी के सामान संग नेपाली तस्कर गिरफ्तार, पासपोर्ट भी बरामद
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर 1396 किलोग्राम खाद्य सामग्री और अन्य सामान की तस्करी कर रहे एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिकटी, अररिया के पास हुई, जहां से जब्त सामान और तस्कर को कस्टम विभाग को सौंपा गया।

1396 किलो तस्करी के सामान संग नेपाली तस्कर गिरफ्तार (सौ. जागरण)
HighLights
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली तस्कर को रंगे हाथ पकड़ा।
1396 किलोग्राम खाद्य सामग्री और उर्वरक सहित अन्य सामान जब्त।
गिरफ्तार तस्कर और जब्त सामान कस्टम विभाग को सुपुर्द किए गए।
संवाद सूत्र, सिकटी (अररिया)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी 52वीं वाहिनी मजरख के जवानों ने भारत से नेपाल तस्करी कर ले जाया जा रहा 1396 किलोग्राम खाद्य सामग्री के साथ एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया।
घटना की जानकारी देते हुए असिस्टेंट कमांडेंट मोहित भार्गव ने बताया कि सूचना पर मजरख के जवानों ने सीमा पर नाका ड्यूटी के दौरान भारत से नेपाल ले जाए जा रहे भारी मात्रा में खाद्य पदार्थ को जब्त किया। इस दौरान एक नेपाली तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
प्लास्टिक के बोरों में सामान लेकर नेपाल की ओर जाते देखा
एसएसबी की टीम सीमा स्तंभ संख्या 164/2 के समीप गश्त एवं नाका ड्यूटी कर रही थी। उसी दौरान जवानों ने भारतीय क्षेत्र में लगभग 50 मीटर अंदर कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को प्लास्टिक के बोरों में सामान लेकर नेपाल की ओर जाते देखा।
जवानों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वे सामान छोड़कर भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए जवानों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य संदिग्ध भागने में सफल रहे।
नेपाली पासपोर्ट भी बरामद हुआ
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान कृष्ण देव साह, निवासी वार्ड संख्या चार, बौका चोपड़ा, रंगेली, जिला मोरंग, नेपाल के रूप में हुई है। उसके पास से नेपाली पासपोर्ट भी बरामद हुआ है।
जब्त सामान में 420 किलोग्राम मटर, 650 किलोग्राम उसना चावल, 26 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल, 250 किलोग्राम दानेदार मिश्रित उर्वरक, 50 किलोग्राम चीनी, एक कार्टन बिस्कुट, सात बोरी साहेब स्पेशल तंबाकू, एक बोरी सहा स्पेशल तंबाकू तथा छह बोरी नींबू भुजिया नमकीन शामिल हैं।
जब्त सामान कुल 1,396 किलोग्राम व गिरफ्तार तस्कर को कस्टम विभाग, फारबिसगंज को सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में एसएसबी की ओर से आलोक कुमार, आरक्षी सुदीप मंडल सहित अन्य जवान शामिल थे।
यह भी पढ़ें- सावधान! अररिया में ब्रांडेड लेबल के नाम पर बिक रहे नकली कपड़े और कॉस्मेटिक्स, ढाई गुना वसूली से लोग परेशान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।