सावधान! अररिया में ब्रांडेड लेबल के नाम पर बिक रहे नकली कपड़े और कॉस्मेटिक्स, ढाई गुना वसूली से लोग परेशान
अररिया के नरपतगंज और फुलकाहा में मिलावटी खाद्य पदार्थ, नकली सौंदर्य प्रसाधन और कपड़े खुलेआम बेचे जा रहे हैं। उपभोक्ता ऊंचे दाम चुकाकर घटिया सामान खरीद रहे हैं।

ब्रांडेड लेबल के नाम पर बिक रहे नकली कपड़े और कॉस्मेटिक्स(एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
मिलावटी खाद्य पदार्थ, सौंदर्य प्रसाधन और कपड़े बिक रहे।
उपभोक्ता ब्रांडेड लेबल पर घटिया सामान खरीद रहे हैं।
जिला प्रशासन से जांच और सख्त कार्रवाई की मांग।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में दिनों-दिन आम लोगों के लिए रोजमर्रे की वस्तुओं में मिलावट का धंधा आम होने लगा है। इस स्थिति में जहां कारोबारी मालामाल हो रहे हैं, वहीं क्षेत्र के आमलोग किसी भी वस्तु का उचित मूल्य देने के बावजूद भी इन मिलावटी वस्तु का सेवन कर कई जानलेवा बीमारी का शिकार हो रहे हैं।
इस बात की शिकायत क्षेत्र के विभिन्न गांव सहित नरपतगंज प्रखंड के प्रमुख बाजारों में भी है। यहां के अधिकांश दुकानों में नामी ब्रांड कंपनियों का लेवल लगे डब्बे में बंद घटिया सामान की खुलेआम आसानी से बिक्री हो रही है। इसमें सरसों तेल, नारियल तेल, मसाले, मैदा, सूजी, डालडा, रिफाईन, दाल आदि शामिल है।
ढाई गुणा से भी ज्यादा कीमत पर बिक्री
ठीक यही परिस्थिति सौंदर्य प्रसाधन सामग्री की भी है। स्थानीय दुकानदार मूल्य से अधिक रकम लेने के साथ-साथ घटिया सुगंधित तेल, स्प्रे, साबुन, नेल पालिस, क्रीम सहित कई वस्तुओं को ढाई गुणा से भी ज्यादा कीमत पर बेचते हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि असली-नकली की पहचान नहीं होने से नाजायज फायदा दुकानदार द्वारा उठाया जाता है। ऐसे घटिया सामान कोलकाता, कटिहार जैसे बड़े बाजारों से स्थानीय दुकानदार द्वारा लाकर बेचा जा रहा है। कुछ दुकानदार प्रिंट रेट से अधिक भी ले रहे हैं।
मवेशी चारा में भी अधिक दाम
मवेशी चारा में भी अधिक दाम लिया जाता है जबकि लोग अगर शिकायत करते हैं तो दुकानदार उसे भाड़ा एवं अन्य बिल दिखाकर अवैध वसूली करते हैं। बताते चलें ब्रांडेड कपड़ों के व्यवसायी इस बात को मानते हैं कि नकली कपड़ों का कारोबार तेजी से फैल रहा है।
इसे तैयार करने वाले इतनी सफाई से यह काम करते हैं कि उनकी पहचान करना काफी मुश्किल हो जाता है। इसके लिए सबसे बेहतर यही है कि विश्वासपात्र दुकानों से ही खरीदारी करें।
थोड़े फायदे के लिए घटिया क्वालिटी के कपड़े
नरपतगंज के अमित का कहना है कि लग्न के दिनों में यह खेल तेजी से होता है। ग्राहक थोड़े फायदे के लिए घटिया क्वालिटी के कपड़े ले लेता है। इससे बचने का सबसे सही और आसान तरीका यही है कि ग्राहक सही दुकानों पर जाएं। माना कि खरीदारी के समय इनकी पहचान करना काफी मुश्किल होता है।
व्यवसायी का मानना है कि ग्राहक अगर ब्रांडेड कपड़े पहनता है तो वह छूते ही पहचान जाएगा। कहा कि ग्राहकों को इस नुकसान से बचने के लिए दुकानदार से पक्का बिल मांगना चाहिए जिससे कि कपड़ों में कोई खराबी आने पर वह शिकायत कर सके। कहा कि डुप्लीकेट कपड़े बेचने वाले कभी पक्का बिल नहीं देंगे।
फुलकाहा के ग्रामीणों ने बताया कि फुलकाहा के शुक्रहाट में एक साड़ी शोरूम है जो जोगबनी के नाम से दुकान है और वह दुकान फुलकाहा में चल रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि इस दुकान की जांच हो और जो भी डुप्लीकेट साड़ी है उसकी जांच होनी चाहिए और ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए। क्षेत्रवासियों ने जिला पदाधिकारी से ऐसे लोगों यह दुकानों की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।