नेपाल घूमने जाने वाले भारतीयों का छलका दर्द: पुलिस के व्यवहार, भंसार और दलालों से परेशानी पर बड़ा मंथन
फारबिसगंज में भारत-नेपाल टूरिज्म वेलफेयर सोसाइटी की बैठक में भारतीय पर्यटकों ने नेपाल यात्रा में पुलिस व्यवहार, वाहन भंसार और दलालों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।

भारत-नेपाल का खुला बार्डर दुनिया के लिए आदर्श माडल( सौ. जागरण)
HighLights
नेपाल पुलिस के व्यवहार पर भारतीयों ने शिकायत की।
वाहन भंसार और दलालों से परेशानी का मुद्दा उठा।
नेपाल अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज के राजेंद्र चौक स्थित एक होटल में बुधवार को भारत नेपाल टूरिज्म वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर नेपाल में पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में नेपाल सरकार के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय के टूरिज्म प्रमोटर सोम सपकोटा, काठमांडू जिला होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश बराल, नेपाल पर्यटन बोर्ड के जनसंपर्क प्रतिनिधि सोमनाथ सपकोटा, इंडो नेपाल टूरिज्म वेलफेयर सोसाइटी भारत के अध्यक्ष जतिंदर पाल और इंडो नेपाल कोआर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष पंकज रंजीत शामिल हुए।
वाहन का भंसार लेने में दिक्कत
नेपाल से आए पर्यटन विभाग और अन्य अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से जानना चाहा कि नेपाल आने-जाने और पर्यटन के दौरान उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने नेपाल पुलिस के व्यवहार को लेकर शिकायत की।
उनका कहना था कि बॉर्डर पर वाहन का भंसार लेने में दिक्कत आती है, क्योंकि नेपाल सरकार ने सारी सुविधाएं आनलाइन कर दी हैं। उन्होंने इस पहल को अच्छा बताते हुए भंसार कार्यालय में भारतीय यात्रियों के लिए वाईफाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वे भंसार प्रज्ञापन आनलाइन कर सकें।
दलालों से परेशानी की बात उठाई
स्थानीय लोगों ने भंसार कार्यालय में एजेंटों और अन्य दलालों से परेशानी की बात भी उठाई। उन्होंने कहा कि वाहन का भंसार कराने के बाद भी कई जगह भारतीय वाहनों को रोककर दूसरे शुल्क लिए जाते हैं। उनके अनुसार, नेपाल पुलिस का भारतीय लोगों के प्रति व्यवहार भी ठीक नहीं रहता।
नेपाल से आए टूरिज्म कॉरपोरेशन के सदस्यों ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच बेटी-रोटी का अटूट संबंध है, जिसे कोई नहीं तोड़ सकता। दोनों देशों का खुला बॉर्डर पूरी दुनिया के लिए आदर्श मॉडल है। उन्होंने कहा कि ऐसा संबंध भारत और नेपाल के अलावा दुनिया में कहीं देखने को नहीं मिलता और दोनों देशों के लोग सांस्कृतिक रूप से भी एक-दूसरे से जुड़े हैं।
नेपाल के सदस्यों ने स्थानीय लोगों की शिकायतें नेपाल सरकार तक पहुंचाने और पर्यटन से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिया। बैठक में नेपाल के कई पर्यटन स्थलों की जानकारी भी साझा की गई।
यह भी पढ़ें- नेपाल में महाकुंभ जैसा नजारा, बराह छत्तर मेला में भारत से पहुंचेंगे हजारों भक्त; अर्थव्यवस्था को मिलेगा बूस्ट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।