नेपाल में महाकुंभ जैसा नजारा, बराह छत्तर मेला में भारत से पहुंचेंगे हजारों भक्त; अर्थव्यवस्था को मिलेगा बूस्ट
कार्तिक पूर्णिमा पर भारतीय श्रद्धालु नेपाल के बराह क्षेत्र में स्नान और दर्शन के लिए जाते हैं, जिससे नेपाल की अर्थव्यवस्था को करोड़ों का राजस्व मिलता है।

बराह बराह क्षेत्र। फोटो VHP
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों भारतीय श्रद्धालु नेपाल के बराह क्षेत्र जाएंगे।
श्रद्धालु नेपाल में करोड़ों रुपये खर्च कर अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे।
यह धार्मिक यात्रा भारत-नेपाल के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाती है।
संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया)। वैसे तो नेपाल की अर्थव्यवस्था बहुत हद तक भारतीयों पर निर्भर करती है, लेकिन कार्तिक पूर्णिमा के दिन नेपाल को कुछ ज्यादा ही राजस्व की प्राप्ति होती है।
अनुमान के मुताबिक भारतीय क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु बराह क्षेत्र पहुंचते हैं। जिनमें महिलाओं की भी बड़ी संख्या होती है।
जिसको लेकर 23 नवंबर को भक्तों का जत्था नेपाल के लिये रवाना होगा। बताया जाता है कि जोगबनी सीमा से बराह क्षेत्र तक आने जाने के लिए हर एक लोगों को कम से कम डेढ़ हजार रूपये खर्च आता है, जबकि हजारों ऐसे लोग होते हैं, जो चार से पांच हजार रूपये तक खर्च करते हैं।
लगभग हर वर्ष बराह क्षेत्र जाने वाले श्रद्धालुओं ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन करोड़ों रुपये यहां के लोग नेपाल में खर्च करते हैं। जिसमें नेपाल के हजारों लोगों का रोजगार भी जुड़ा होता है।
बेटी रोटी का संबंध रखने वाले पड़ोसी राष्ट्र भौगोलिक रूप से एक-दूसरे के करीब भारत व नेपाल आध्यात्म के जरिए भी दिल से जुड़े हुए हैं, जो कई धार्मिक स्थल सीमावर्ती ग्रामीणों की आपसी प्रगाढ़ता का कारण बनते हैं।
इसका एक उदहारण है विष्णु का स्वरूप नेपाल का बराह छत्तर भी है। बराह छत्तर के समीप कोसी नदी हिमालय से नीचे जमीन पर उतरती है।
बराह छत्तर मेला भी कुछ ऐसा ही है। कार्तिक पूर्णिमा पर नेपाल के बराह क्षेत्र में हर साल लगने वाले इस मेले में बिहार के कोसी क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं और पूजा-अर्चना व कोसी स्नान करते हैं।
नेपाल में कुंभ के स्नान से मशहूर कोसी में बाराह क्षेत्र
नेपाल में कुंभ के स्नान से मशहूर कोसी में स्नान कर लाखों श्रद्धालु भगवान नारायण के दशावतार बराह क्षेत्र का दर्शन करते हैं।
नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत चतरा के पहाड़ियों के बीच बराह क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले में सीमांचल क्षेत्र के हजारों लोग पहुंचते हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु चतरा में सप्तकोसी नदी में स्नान करेंगे।