अररिया में सरकारी स्कूल के बच्चों को मिलेगी फ्री कोचिंग, 'संकल्प संध्या' में रिटायर्ड IAS व अधिकारी लेंगे क्लास
अररिया में सरकारी स्कूलों के बच्चों को महंगी कोचिंग से मुक्ति दिलाने के लिए 'संकल्प संध्या' पहल शुरू की गई ...और पढ़ें

सरकारी स्कूल के बच्चों को मिलेगी फ्री कोचिंग (सौ. जागरण)
HighLights
सरकारी स्कूलों में नौवीं से बारहवीं तक निःशुल्क कोचिंग।
'संकल्प संध्या' पहल से छात्रों को मिलेगी अतिरिक्त शिक्षा।
सेवानिवृत्त अधिकारी और अनुभवी शिक्षक देंगे मार्गदर्शन।
जागरण संवाददाता, अररिया। अब सरकारी स्कूलों के बच्चों को बेहतर तैयारी के लिए महंगी कोचिंग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से जिले में 'संकल्प संध्या' की शुरुआत की है। इसके तहत विद्यालय समय के बाद नौवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं को निशुल्क अतिरिक्त शिक्षा और कोचिंग की सुविधा मिलेगी।
मंगलवार को सरस्वती विद्या निकेतन प्लस टू गर्ल्स हाई स्कूल, अररिया में डीईओ साहेब आलम ने दीप प्रज्वलित कर इस पहल का शुभारंभ किया।
इस पहल के तहत अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सहित सभी विषयों की विशेष पढ़ाई कराई जाएगी।
बोर्ड परीक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी विशेष जोर रहेगा। अनुभवी शिक्षक विद्यार्थियों को विषयवार मार्गदर्शन देने के साथ उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे।
एक माध्यमिक विद्यालय में इसकी शुरुआत
डीईओ ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। फिलहाल जिले के एक माध्यमिक विद्यालय में इसकी शुरुआत की गई है। सफल संचालन के बाद अन्य विद्यालयों में भी संध्या कक्षाओं का विस्तार किया जाएगा।
डीपीओ समग्र शिक्षा प्रवीण कुमार ने बताया कि 17 नवंबर 26 से 31 मार्च 2027 तक शाम पांच से साढ़े सात बजे तक कक्षाएं संचालित होंगी। इसमें पढ़ाने वाले शिक्षकों को तीन कक्षाओं के संचालन पर एक क्षतिपूर्ति अवकाश दिया जाएगा। खास बात यह है कि सेवानिवृत्त आईएएस, शिक्षक, अधिकारी और अन्य योग्य व्यक्ति भी स्वेच्छा से बिना किसी पारिश्रमिक के बच्चों को पढ़ा सकेंगे।
विभाग की यह पहल सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और कोचिंग पर होने वाले आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और दर्जनों छात्र मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।