अररिया रेड लाइट एरिया में 6 साल में बार पड़ा छापा, 33 महिला गिरफ्तार; 10 नाबालिग हुई मुक्त
फारबिसगंज के रेड लाइट एरिया में देह व्यापार का धंधा लगातार जारी है, जहां पिछले छह सालों में आठ बार छापेमारी की गई है। इन छापों में 33 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया और 10 नाबालिग लड़कियों को इस दलदल से मुक्त कराया गया।

पुलिस लगातार कर रही कार्रवाई। (जागरण)
HighLights
पिछले छह साल में रेड लाइट एरिया में आठ छापेमारी।
33 महिलाएं गिरफ्तार, 10 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया।
दूसरे राज्यों से लाई गई नाबालिगों को जबरन धंधे में धकेला।
पुरुषोत्तम भगत, फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज की रेड लाइट एरिया हमेशा से सुर्खियों में रहा है। समय के अंतराल में जहां देह व्यापार का अनैतिक घिनौना कार्य अन्य स्थानों में धीरे-धीरे बंद होने लगा।
वहीं, फारबिसगंज का रेड लाइट एरिया आज भी उसी तरह बैखौफ अंदाज में देह व्यापार के कारोबार के लिए मशहूर है। बीते शुक्रवार की रात पुलिस की छापेमारी में महिला, पुरुष एवं नाबालिग समेत 42 पकड़े गए।
वहीं, आंकड़ों की बात करें तो पुलिस के द्वारा विगत छह साल में फारबिसगंज के रेड लाइट एरिया में आठ छापेमारी की गई। जिसमें देह व्यापार के दलदल में शामिल 33 महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
देह व्यापार के दलदल से कराया मुक्त
जबकि 10 नाबालिगों को देह व्यापार के दलदल से मुक्त कराया गया। वहीं, देह व्यापार के धंधे को बढ़ावा देने वाले 18 कथित दलाल पुरुषों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया।
बावजूद देह व्यापार का धंधा फारबिसगंज के रेड लाइट एरिया में रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कहते हैं कि आज भी रेड लाइट एरिया में यह अनैतिक कार्य बैखौफ रुप से इस प्रकार से चल रहा है जैसे एक दशक पहले चलता था।
दूसरे प्रदेशों से भी नाबालिग लड़कियों को जबरन लाकर इस धंधे में धकेल दिया जाता है। पुलिस ने हरियाणा समेत कई अन्य प्रदेशों की नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू अभियान चलाते हुए रेड लाइट एरिया से बरामद किया और उसे धंधे से मुक्त कराया है।
जानकारों के अनुसार विगत 18 सितंबर 2020 को सीआईडी एसपी मदन आनंद के नेतृत्व में रेड लाइट एरिया में छापेमारी की गई, जिसमें पांच महिला एवं छह दलाल पुरुषों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद छह जुलाई 2021 को छापेमारी में पांच युवती बरामद की गई।
18 जुलाई 2021 को तत्कालीन एसडीपीओ राम पुकार सिंह ने छापेमारी करते हुए तीन युवती एवं तीन व्यक्ति को पकड़ा एवं जेल भेजा। 20 जुलाई 2021 को तीन युवती, दो युवक समेत दो नाबालिग को पकड़ा गया एवं देह व्यापार के दलदल से मुक्त कराया गया।
लगातार चल रही छापामारी
18 जून 2023 को छह महिला समेत तीन दलाल को तत्कालीन एसडीपीओ खुशरु सिराज ने छापेमारी करते हुए गिरफ्तार किया था। साथ ही दो नाबालिग किशोरी को भी धंधे से मुक्त कराया गया था। जिसे अन्य प्रदेश से लाकर जबरन देह व्यापार का अनैतिक कार्य कराया जा रहा था।
विगत आठ जून 2023 को पुलिस ने रेड लाइट एरिया में छापेमारी करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की। दो नाबालिग को देह व्यापार के दलदल से मुक्त कराते हुए इस धंधे में शामिल छह महिला एवं कथित तीन दलाल युवकों को पकड़ा।
विगत चार मई 2025 को पुलिस ने रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर हरियाणा की एक नाबालिग युवती को मुक्त कराया। आरोप में रेड लाइट एरिया की कई महिला समेत 13 लोगों पर स्थानीय थाना में केस दर्ज किया गया।
विगत आठ अगस्त 2025 को रेड लाइट एरिया में छापेमारी करते हुए पुलिस ने तीन नाबालिग को मुक्त कराया। वहीं, मामले में पांच महिलाओं एवं एक कथित दलाल को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा।
यह भी पढ़ें- अररिया रेड लाइट एरिया: कमरों में मिलीं 6 बालिकाएं व एक युवती, पाकिस्तान कनेक्शन चर्चा में, 13 गिरफ्तार
फारबिसगंज के रेड लाइट एरिया में छापेमारी के बाद पकड़ी गई युवतियों व किशोरियों से कई अहम जानकारी प्राप्त हुई है। पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है। रेड लाइट एरिया पर पुलिस की पैनी नजर है। देह व्यापार के अनैतिक कारोबार करने वाले किसी भी सूरत में नहीं बक्शे जाएंगे।
मुकेश कुमार साहा, एसडीपीओ फारबिसगंज।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।