अररिया रेड लाइट एरिया: कमरों में मिलीं 6 बालिकाएं व एक युवती, पाकिस्तान कनेक्शन चर्चा में, 13 गिरफ्तार
पुलिस ने फारबिसगंज के रेड लाइट एरिया में छापा मारकर छह नाबालिग लड़कियों और एक युवती को देह व्यापार से मुक्त कराया, 13 महिलाओं को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पाकिस्तान से संदिग्ध फंडिंग का कनेक्शन भी सामने आया है, जिसमें पहले गिरफ्तार मोहम्मद शाहनवाज फिर पकड़ा गया।
-1775328378051_m.webp)
जागरण संवाददाता, (अररिया)। सीमावर्ती क्षेत्र फारबिसगंज का रेड लाइट एरिया एक बार फिर पुलिस कार्रवाई के बाद चर्चा में है। शुक्रवार रात पुलिस ने यहां छापेमारी कर छह नाबालिग बालिकाओं और एक युवती को देह व्यापार के दलदल से मुक्त कराया। इस दौरान 13 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जो इस अवैध धंधे को बढ़ावा देने में संलिप्त बताई जा रही हैं।
इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगा है कि बार-बार छापेमारी के बावजूद यह धंधा आखिर बंद क्यों नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद यहां देह व्यापार का नेटवर्क लगातार सक्रिय बना हुआ है।
बार-बार छापेमारी, फिर भी जारी धंधा
स्थानीय लोगों के अनुसार, फारबिसगंज के रेड लाइट एरिया में पहले भी कई बार पुलिस ने छापेमारी की है। हर बार कुछ लोगों की गिरफ्तारी और पीड़ितों की मुक्ति भी हुई, लेकिन यह अवैध कारोबार पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका।
लोगों का कहना है कि यह धंधा अब एक संगठित नेटवर्क के रूप में काम कर रहा है, जिसमें स्थानीय स्तर से लेकर बाहरी कड़ियां भी जुड़ी हो सकती हैं। यही वजह है कि कार्रवाई के बाद भी कुछ समय में फिर से गतिविधियां शुरू हो जाती हैं।
अंतरराष्ट्रीय फंडिंग से जुड़े तार
इस मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, इस रेड लाइट एरिया के तार पहले पाकिस्तान से होने वाली संदिग्ध फंडिंग से भी जुड़े पाए गए थे।
बताया जाता है कि इस बार की छापेमारी में पुलिस ने मो. शाहनवाज को भी गिरफ्तार किया है। इससे पहले 8 दिसंबर 2023 को उसे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से जुड़कर अंतरराष्ट्रीय फंडिंग चैन में कमीशन एजेंट के रूप में काम करने के आरोप में पकड़ा गया था।
उस समय जिले के तीन युवकों के इस नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई थी। इस बार फिर उसी व्यक्ति की गिरफ्तारी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
पूर्व की घटनाएं भी उठाती हैं सवाल
फारबिसगंज का रेड लाइट एरिया पहले भी कई बार बड़े मामलों के कारण सुर्खियों में रहा है।
4 मई 2025: पुलिस ने छापेमारी कर हरियाणा की एक युवती को मुक्त कराया था और 13 लोगों पर केस दर्ज किया गया था।
8 अगस्त 2025: कार्रवाई के दौरान तीन नाबालिग बालिकाओं को छुड़ाया गया और पांच महिलाओं समेत एक दलाल को गिरफ्तार किया गया था।
8 जून 2023: पुलिस ने दो नाबालिगों को मुक्त कराया और छह महिलाओं व तीन कथित दलालों को पकड़ा था। यह मामला काफी चर्चा में रहा था।
6 जुलाई 2021: छापेमारी में पांच युवतियों को गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बाद में जांच के बाद तीन को छोड़ दिया गया।
इन लगातार घटनाओं से स्पष्ट है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है और अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
हालिया कार्रवाई के बाद जहां पुलिस अपनी उपलब्धि गिना रही है, वहीं आम लोगों के मन में कई सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब बार-बार छापेमारी हो रही है और गिरफ्तारी भी हो रही है, तो फिर यह धंधा पूरी तरह खत्म क्यों नहीं हो पा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के मामलों में केवल छापेमारी पर्याप्त नहीं होती। इसके लिए पूरे नेटवर्क को तोड़ना जरूरी होता है, जिसमें दलाल, संचालक और फंडिंग से जुड़े लोगों पर एक साथ कार्रवाई करनी होती है।
पीड़ितों के पुनर्वास की चुनौती
छापेमारी में मुक्त कराई गई नाबालिग और युवतियों के पुनर्वास की चुनौती भी बड़ी है। अक्सर देखा गया है कि सही पुनर्वास नहीं होने के कारण पीड़ित दोबारा उसी चक्र में फंस जाती हैं।
इसलिए सामाजिक संगठनों और प्रशासन को मिलकर इनके लिए स्थायी समाधान तैयार करना होगा, ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें।
समाधान की दिशा में ठोस कदम जरूरी
फारबिसगंज का यह मामला केवल एक इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बड़ी सामाजिक और प्रशासनिक चुनौती का संकेत देता है।
जरूरत इस बात की है कि केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि दीर्घकालिक रणनीति बनाई जाए। इसमें सख्त कानून, लगातार निगरानी, नेटवर्क पर प्रहार और पीड़ितों का पुनर्वास शामिल होना चाहिए।
तभी इस तरह के अवैध धंधे पर स्थायी रोक लगाई जा सकती है और सीमावर्ती क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
रेड लाइट एरिया में की गई छापेमारी एवं रेस्क्यू मामले को गंभीरता से लिया गया है। पकड़े गए महिला एवं पुरुषों का पिछला गिरफ्तारी कनेक्शन समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। देह व्यापार के धंधे में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। इस प्रकार के अनैतिक कार्य को बढ़ावा देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश कुमार साहा, एसडीपीओ फारबिसगंज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।