विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ बाजार में नेपाली सूप-दउरा की धमक! अररिया में देसी कारीगरों की बढ़ी टेंशन, आजीविका पर संकट

Published: Wed, 11 Nov 2026 09:27 AM (IST)

छठ महापर्व के लिए अररिया के बाजारों में बांस के उत्पादों की मांग बढ़ गई है, लेकिन भारत-नेपाल सीमा पर ...और पढ़ें

छठ बाजार में नेपाली सूप-दउरा की धमक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

छठ बाजार में नेपाली सूप-दउरा की धमक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. छठ बाजार में बांस उत्पादों की मांग बढ़ी।

  2. नेपाली उत्पादों की आमद से स्थानीय कारीगर परेशान।

  3. पारंपरिक पेशे और आजीविका पर संकट गहराया।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पर्व में इस्तेमाल होने वाले बांस से निर्मित डाला, सूप, दौरा, डगरा और कोनिया की मांग भी तेज हो गई है। 

लेकिन भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के बाजारों में नेपाली बांस कारीगरों द्वारा तैयार किए गए सामानों की आमद से स्थानीय कारीगरों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। 

उत्पादों का उचित मूल्य मिलने में परेशानी 

नेपाली उत्पादों की बढ़ती बिक्री के कारण नरपतगंज प्रखंड के भंगी समुदाय के पारंपरिक बांस कारीगरों को अपने उत्पादों का उचित मूल्य मिलने में परेशानी हो रही है। नरपतगंज, फुलकाहा और घुरना थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में इन दिनों नेपाली कारीगरों द्वारा तैयार किए गए बांस के सामान खूब बिक रहे हैं। 

कम कीमत और आकर्षक बनावट के कारण ग्राहक इनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर वर्षों से बांस के सामान तैयार कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले कारीगरों की चिंता बढ़ गई है। उन्हें आशंका है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो छठ जैसे बड़े पर्व के अवसर पर भी उनकी मेहनत के अनुरूप आमदनी नहीं हो पाएगी।

कीमतों में अंतर से बढ़ी प्रतिस्पर्धा

स्थानीय बाजारों में भारतीय कारीगरों द्वारा तैयार किए गए डाला और दौरा की कीमत लगभग 150 से 200 रुपये तक है, जबकि नेपाली कारीगरों के उत्पाद 200 से 250 रुपये में उपलब्ध हैं। इसी तरह स्थानीय कारीगर कोनिया की कीमत 100 से 130 रुपये और डगरा की कीमत 150 से 180 रुपये तक रखते हैं। 

वहीं नेपाली कारीगरों के कोनिया की कीमत 200 से 250 रुपये तथा डगरा की कीमत भी 200 से 250 रुपये तक बताई जा रही है। अलग-अलग आकार, गुणवत्ता और बनावट के कारण कीमतों में अंतर भी देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद नेपाली सामानों की बिक्री बाजार में स्थानीय कारीगरों के लिए प्रतिस्पर्धा का विषय बनी हुई है।

पारंपरिक पेशे पर संकट की चिंता

नरपतगंज, फुलकाहा, डुमरिया, भंगही, सोनापुर, सुरसर और बसमतिया सहित सीमावर्ती क्षेत्र के कई गांवों में भंगी समुदाय के सैकड़ों परिवार बांस से विभिन्न प्रकार की वस्तुएं तैयार करते हैं। छठ पर्व से पहले इन परिवारों के घरों में दिन-रात डाला, सूप, दौरा, डगरा और कोनिया बनाने का काम चलता है। 

महिलाएं और पुरुष मिलकर बांस की कमाची तैयार करने से लेकर सामान की बुनाई और उसे अंतिम रूप देने तक का काम करते हैं। छठ के अलावा शादी-विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर भी इन वस्तुओं की मांग रहती है।

स्थानीय कारीगरों का यह पारंपरिक हुनर केवल रोजगार का साधन ही नहीं, बल्कि उनकी पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत भी है। लेकिन बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा, कच्चे माल की लागत और उत्पादों के उचित दाम नहीं मिलने से इस पारंपरिक पेशे पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। 

कारीगरों को डर है कि यदि उनके उत्पादों को बाजार में उचित प्रतिस्पर्धा और प्रोत्साहन नहीं मिला तो आने वाली पीढ़ियां इस पुश्तैनी काम से दूरी बना सकती हैं।

छठ के बाजार में नेपाली उत्पादों की धमक

सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण भारत और नेपाल के बीच लोगों का आवागमन लगातार बना रहता है। पर्व-त्योहार के अवसर पर दोनों देशों के बाजारों में एक-दूसरे के उत्पादों की मांग भी देखी जाती है। इस बार छठ के बाजार में नेपाली बांस कारीगरों के उत्पादों की बढ़ती उपलब्धता ने स्थानीय कारीगरों को पसोपेश में डाल दिया है। 

एक ओर ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार सामान खरीद रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय कारीगर अपनी मेहनत और लागत के अनुरूप कीमत नहीं मिलने से चिंतित हैं।

स्थानीय बांस कारीगरों का कहना है कि छठ पर्व उनके लिए साल का महत्वपूर्ण कारोबारी अवसर होता है। इसी दौरान अच्छी बिक्री से परिवार के कई महीनों के खर्च की व्यवस्था होती है। ऐसे में नेपाली उत्पादों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा से उनकी आजीविका प्रभावित होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें- छठ से पहले सूखी नहर देख उड़े होश! फिर नगर परिषद ने लगाया गजब जुगाड़; अररिया में 7 मोटरों से भरे जा रहे घाट


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।