विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में ब्रेक फेल होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटी, 3 महिला मजदूरों की मौत; आधा दर्जन लोग घायल

Published: Wed, 15 Jul 2026 12:22 PM (IST)

अररिया के भरगामा में धान रोपने जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। इस दर्दनाक ...और पढ़ें

घायल का अस्पताल में चल रहा इलाज। जागरण

घायल का अस्पताल में चल रहा इलाज। जागरण

HighLights

  1. भरगामा, अररिया में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटी।

  2. हादसे में तीन महिला मजदूरों की मौत, कई अन्य घायल।

  3. नाबालिग चालक पर आरोप, मुआवजे का आश्वासन मिला।

संवाद सूत्र, भरगामा (अररिया)। भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर उत्तर पंचायत (वार्ड नंबर नौ) में मंगलवार की सुबह धान की रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। इस हादसे में दो महिला मजदूर की मौत घटना स्थल पर ही हो गई।

जबकि एक महिला मजदूर की मौत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा में इलाज के दौरान हो गई। जबकि आधा दर्जन मजदूर बुरी तरह घायल हो गया है। मृतिका महिला मजदूर सिरसियाकला पंचायत वार्ड नंबर चार मंडल टोला निवासी 50 वर्षीय नैना देवी पति कारी मंडल, 45 वर्षीय मीरा देवी पति बबलू मंडल, 40 वर्षीय रंजू देवी पति किशोर मंडल निवासी के रूप में पहचान की गई है।

जानकारी अनुसार मंगलवार की सुबह करीब 8:30 बजे सिरसिया कला (मंडल टोला) से करीब 27 मजदूर महिंद्रा 265 डीआइ ट्रैक्टर पर सवार होकर धान रोपने जा रहे थे। इसी दौरान नहर के समीप एक तीव्र ढलान पर ट्रैक्टर का ब्रेक अचानक फेल हो गया। ब्रेक नहीं लगने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़कने लगा और सीधे पास के एक तालाब में जा पलटा।

Araria

(अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर। जागरण)

हादसे के वक्त कुछ मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्राली से कूदकर अपनी जान बचाई। लगभग एक दर्जन मजदूर ट्राली के नीचे ही दब गए। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद ट्राली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में नैना देवी, मीरा देवी, की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि रंजू देवी की मौत भरगामा अस्पताल में ही हो गई। ग्रामीणों का आरोप है मजदूर से भरा ट्रैक्टर 15 वर्षीय बालक चला रहा था। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

ट्रैक्टर पर सवार प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों और ग्रामीणों ने बताया कि 15 वर्षीय नाबालिग ट्रैक्टर चला रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि नाबालिग चालक नशे की हालत में था। ढलान पर ट्रैक्टर चढ़ नहीं पाया और चालक के नियंत्रण खोने से यह बड़ा हादसा हो गया।

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी, प्रशासन ने दिया मुआवजे का आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर किया गया है।

घटना स्थल पर पहुंचीं भरगामा की अंचल अधिकारी पूजा कुमारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आपदा प्रबंधन योजना के तहत सभी मृतक आश्रितों को जल्द से जल्द 4 लाख रुपये का सरकारी अनुदान मुआवजा दिया जाएगा।

इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे सिरसिया कला और रघुनाथपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवारों ने सरकार से जल्द से जल्द मुआवजा राशि देने और दोषी ट्रैक्टर मालिक व नाबालिग चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- गोपालगंज में स्कूली वैन ने 11 साल के बच्चे को मारी टक्कर, 2 KM तक मासूम को घसीटा; गोरखपुर रेफर