विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में स्कूली वैन ने 11 साल के बच्चे को मारी टक्कर, 2 KM तक मासूम को घसीटा; गोरखपुर रेफर

Published: Wed, 15 Jul 2026 12:08 PM (IST)

गोपालगंज में एक 11 वर्षीय बच्चे को स्कूली वैन ने टक्कर मार कर दो किलोमीटर तक घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सदर अस्पताल में घटना की जानकारी लेते नगर थाना प्रभारी। फोटो- जागरण

सदर अस्पताल में घटना की जानकारी लेते नगर थाना प्रभारी। फोटो- जागरण

HighLights

  1. स्कूली वैन ने 11 वर्षीय बच्चे को टक्कर मारकर गंभीर घायल किया।

  2. बच्चा टक्कर के बाद वैन में फंसकर दो किलोमीटर तक घसीटा गया।

  3. गंभीर घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। शहर के जादोपुर मोड़ के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। सामान खरीदने जा रहे बच्चे को एक तेज रफ्तार स्कूली वैन ने टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद बच्चा वैन में फंस गया और चालक उसे करीब दो किलोमीटर तक घसीटते हुए हजियापुर मोड़ तक ले गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे को वैन के नीचे घसीटते देख राहगीरों ने शोर मचाया और वाहन को रोकने का प्रयास किया। लोगों की भीड़ जुटते देख चालक स्कूली वैन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया।

घायल बच्चे की पहचान शहर के सरेया वार्ड संख्या-4 निवासी विजय गुप्ता के 11 वर्षीय पुत्र ईसान कुमार के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कूली वैन को अपने कब्जे में ले लिया। नगर थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के कारणों और चालक की पहचान की जा सके। हादसे के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश का माहौल है।

यह भी पढ़ें- बिहार में फिर एनकाउंटर! खगड़िया में वाहन चेकिंग के दौरान दारोगा की पिस्टल छीन भागे अपराधी को पुलिस ने मारी गोली

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, कोडीन सिरप, नशीली दवाएं और सोना चांदी के साथ दो गिरफ्तार