रात के अंधेरे में स्कूल खोलकर बिक रहा था MDM का चावल, अररिया में हेडमास्टर को ग्रामीणों ने घेरा, पुलिस ने शुरू की जांच
Araria Fulkaha School MDM Rice Theft Case: अररिया के फुलकाहा स्थित आदर्श मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर रात में बच्चों ...और पढ़ें

Araria Fulkaha School MDM Rice Theft Case: अररिया के आदर्श मध्य विद्यालय में रात के अंधेरे में एमडीएम का चावल बेचने का आरोप
HighLights
प्रधानाध्यापक पर रात में एमडीएम चावल बेचने का आरोप।
ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ा, पुलिस को सूचना दी।
बीईओ ने मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। Araria Fulkaha School MDM Rice Theft Case: नरपतगंज प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र फुलकाहा-नवाबगंज स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में बुधवार की रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां के प्रधानाध्यापक संजय कुमार पर रात के सन्नाटे में विद्यालय खोलकर बच्चों के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए आवंटित चावल बेचने का गंभीर आरोप लगा है।
विद्यालय परिसर में रात के समय चावल की मापी होते देख आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर प्रधानाध्यापक को घेर लिया। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल फुलकाहा थाना पुलिस को दी गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में काफी देर तक ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही और लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला।
सूचना मिलते ही फुलकाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से घटनाक्रम की पूरी जानकारी लेकर छानबीन शुरू की। थानाध्यक्ष विकास कुमार मोर्य ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को दे दी गई है।
वहीं ग्रामीणों ने भी बीईओ को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। बीईओ कलश कुमार ने बताया कि आदर्श मध्य विद्यालय में एमडीएम के चावल की कथित बिक्री की शिकायत मिली है। इस मामले की गहन जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
-1793886403082.webp)
बत्ती बुझाकर पुराने कमरे में की जा रही थी चावल की मापी
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे प्रधानाध्यापक संजय कुमार विद्यालय पहुंचे। आरोप है कि विद्यालय में प्रवेश करते ही उन्होंने पूरे परिसर की मुख्य बिजली बंद कर दी, जिससे चारों तरफ अंधेरा छा गया। इसी दौरान चावल वजन करने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा लेकर दो अन्य बाहरी लोग भी विद्यालय पहुंचे। इसके बाद विद्यालय के पुराने प्रधानाध्यापक कक्ष में रखे एमडीएम के चावल की बोरियों की मापी शुरू की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानाध्यापक स्वयं वहां खड़े होकर चावल तौलवा रहे थे और उसे बेचने की फिराक में थे। इसी बीच आसपास के लोगों को बंद स्कूल में रात के समय संदिग्ध गतिविधियों की भनक लग गई। देखते ही देखते दर्जनों ग्रामीण इकट्ठा होकर विद्यालय पहुंच गए।

ग्रामीणों ने जब पुराने कमरे में अंधेरे के बीच चावल की मापी होते देखा, तो प्रधानाध्यापक को चारों तरफ से घेर लिया। जब उनसे पूछा गया कि रात साढ़े आठ बजे किसके आदेश से स्कूल खोला गया और चावल क्यों तौला जा रहा है, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को सूचना दी।
पहले भी लग चुका है चावल बेचने का आरोप, स्टॉक जांच की मांग
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उक्त विद्यालय में एमडीएम के चावल की अवैध बिक्री और हेराफेरी की शिकायत पहले भी कई बार आ चुकी है। पूर्व में भी ऐसी शिकायतों को लेकर ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को चेतावनी देते हुए सुधार का अवसर दिया था, लेकिन उनकी कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं आया। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक की भूमिका और विद्यालय की आंतरिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सहित वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही मांग की गई है कि विद्यालय में एमडीएम चावल के कुल आवंटन, उठाव, वास्तविक भंडारण, दैनिक वितरण और स्टॉक पंजी का भौतिक मिलान कराया जाए, ताकि सच सामने आ सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।