विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में मासूम की मौत पर भड़का गुस्सा, सड़क जाम कर पुलिस से भिड़े ग्रामीण, आगजनी से तनाव

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:23 AM (IST)

अररिया के फुलकाहा में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस से झड़प की, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हुए और वाहनों में आग लगा दी गई, हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में है।

घायल पुलिस वाहन का चालक अजीत कुमार

घायल पुलिस वाहन का चालक अजीत कुमार

HighLights

  1. तेज रफ्तार कार से छह वर्षीय मासूम की मौत।

  2. ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस से की झड़प।

  3. पुलिस वाहन और दो बाइक को आग के हवाले।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र में इंडो-नेपाल सीमा सड़क पर शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। भैरोगंज वार्ड संख्या नौ स्थित एसएसबी कैंप के समीप तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।

मृतक की पहचान बेला पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी मो. रोजीत के छह वर्षीय पुत्र मो. अली के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोशकापुर निवासी रामकुमार मेहता को पकड़ लिया, जिसे छुड़ाने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

सड़क जाम, चालक को बंधक बनाने के बाद भड़की हिंसा

बच्चे की मौत से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड को जाम कर दिया और कार चालक रामकुमार मेहता को मृतक के स्वजनों व ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही बसमतिया थाना पुलिस और एसएसबी के जवान घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से चालक को मुक्त कराने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों का आक्रोश और उग्र हो गया। देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई। चालक को छुड़ाने के क्रम में दो-तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक पुलिस वाहन और दो बाइक को आग के हवाले किए जाने की सूचना सामने आई।

इस घटनाक्रम में घूरना थाना के डायल 112 वाहन के चालक अजीत कुमार को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए सुपौल जिले के वीरपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का भी इलाज चल रहा है तथा कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।

एसपी ने संभाला मोर्चा, चालक पुलिस के कब्जे में

बवाल की सूचना के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी जितेंद्र कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। उनके साथ अररिया एसडीपीओ, फारबिसगंज एसडीपीओ समेत विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।

एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि कार चालक को आक्रोशित ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाने में दो-तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। पुलिस ने कार चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- सावधान! अररिया में ब्रांडेड लेबल के नाम पर बिक रहे नकली कपड़े और कॉस्मेटिक्स, ढाई गुना वसूली से लोग परेशान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।