स्मैक के धंधे पर टोकने से खूनी रिश्ते तार-तार, अररिया में बड़े भाई ने छोटे को मारी गोली, पेट में फंसे दो कारतूस
अररिया के फुलकाहा में नशे के अवैध कारोबार के विरोध में बड़े भाई पप्पू यादव ने छोटे भाई विपिन यादव को गोली मार दी।

फुलकाहा थाना क्षेत्र के अंचरा गांव में गोलीबारी।
HighLights
फुलकाहा में नशे के कारोबार पर भाइयों में विवाद।
बड़े भाई पप्पू यादव ने छोटे विपिन को गोली मारी।
विपिन गंभीर घायल, आरोपी पप्पू की तलाश जारी।
संसू, फुलकाहा (अररिया)। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंचरा गांव में बुधवार की रात आपसी विवाद और नशे के अवैध कारोबार के विरोध ने एक बड़े खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
विवाद के दौरान बड़े भाई पप्पू यादव ने अपने ही छोटे भाई विपिन कुमार यादव (पिता- समत लाल यादव) पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। इस दुस्साहसिक वारदात में विपिन के पेट में दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही फुलकाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
वहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे अंचरा गांव में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।
स्मैक तस्करी का विरोध बना खूनी संघर्ष की वजह
घटना के संबंध में आरोपी भाइयों की मां रिका देवी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि बड़ा बेटा पप्पू यादव स्मैक की तस्करी (अवैध नशे के कारोबार) में लिप्त था, जिसका छोटा भाई विपिन कड़ा विरोध करता था।
इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। बुधवार की सुबह भी आरोपी ने गोली चलाई थी, हालांकि तब गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। इसके बाद पूरे दिन तीनों भाइयों के बीच रुक-रुककर मारपीट होती रही और रात होते-होते आवेश में आकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर दिया।
संगीन आपराधिक इतिहास रहा है आरोपी का
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गोलीकांड का मुख्य आरोपी पप्पू यादव बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। वह पूर्व में पंचायत सचिव के पुत्र की सनसनीखेज हत्या, लूट और डकैती जैसे कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
वह पंचायत सचिव के पुत्र हत्याकांड में करीब 11 साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था, और इसके बाद भी उसकी आपराधिक गतिविधियों में कोई सुधार नहीं हुआ।
पुलिस की छापेमारी जारी
घटना के बाद से ही फुलकाहा थाना पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस दल-बल के साथ आरोपी बड़े भाई पप्पू यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
