विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में 3 दिन पहले दफनाया गया नवविवाहिता का शव कब्र से निकाला गया, बाइक के लिए हत्या का आरोप

Published: Sat, 10 Oct 2026 05:14 PM (IST)

अररिया में एक नवविवाहिता राजमणि देवी का शव तीन दिन बाद कब्र से निकाला गया, जिसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या कर शव दफनाने का आरोप है।

नवविवाहिता का शव कब्र से निकाला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

नवविवाहिता का शव कब्र से निकाला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. नवविवाहिता का शव तीन दिन बाद कब्र से निकाला।

  2. दहेज में मोटरसाइकिल के लिए हत्या का आरोप।

  3. ससुराल वाले फरार, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सूत्र,रेणुग्राम (अररिया)। सिमराहा थाना क्षेत्र की मुसहरी पंचायत स्थित कुड़वा लक्ष्मीपुर ऋषिदेव टोला, वार्ड संख्या नौ में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का नाम राजमणि देवी (19) पति शंकर ऋषिदेव है। 

इस संबंध में मृतका के भाई विपेन कुमार ऋषिदेव ने अपनी बहन की ससुराल वालों द्वारा तीन दिन पूर्व सात अक्टूबर को फांसी लगाकर हत्या कर शव को दफनाने का आरोप लगाते हुए सिमराहा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। 

तीन दिन बाद कब्र से शव निकाला

मृतका के स्वजनों के शिकायत पर सिमराहा पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए घटना के तीन दिन बाद कब्र से शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई है। 

मृतका नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र स्थित तीन माइल भंगही की निवासी रामचंद्र ऋषिदेव की पुत्री थी। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी शादी कुड़वा लक्ष्मीपुर निवासी शिवशंकर ऋषिदेव, पिता उपेंद्र ऋषिदेव से हुई थी। 

दोनों के बीची पहले से था प्रेम संबंध

बताया जाता है कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध था, जिसके बाद परिवार की सहमति से उसकी शादी कराई गई थी। मृतका के भाई विपिन ऋषिदेव ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि वह अपने जीजा के साथ पंजाब कमाने जाने वाला था। इसी सिलसिले में वह अपनी बहन के घर आया था। रात में सभी ने खाना खाया और सोने चले गए। सुबह उठने पर उसने अपनी बहन को घर में मृत अवस्था में पड़ा देखा। 

वहीं, मृतका की बड़ी बहन ने आरोप लगाया कि राजमणि को दहेज में मोटरसाइकिल देने के लिए बार-बार परेशान किया जाता था। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या कर शव का अंतिम संस्कार करने का भी आरोप लगाया। 

भाई के आवेदन के आधार पर शव को कब्र से निकलवाया

मौके पर पहुंचे फारबिसगंज के डीएसपी राजकिशोर कुमार ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर शव को कब्र से निकलवाया गया है। अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शव निकालने की कार्रवाई के दौरान सिमराहा के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार, एसआई मनोज कुमार, शिव कुमार पासवान, शर्मीला कुमारी,राज कुमार और कमलाकांत शर्मा, विनोद कुमार समेत पूर्व जिप सदस्य दिलीप पटेल, पूर्व मुखिया अरविंद विश्वास, पवन मंडल, सुशील मंडल और भीम मंडल सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नवविवाहिता की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद घटना के बाद साथ मृतका के पति समेत ससुराल वाले फरार है।

यह भी पढ़ें- सिलीगुड़ी से 1 लाख में खरीदे थे 3 लाख के नोट; अररिया में वार्ड सदस्य पनाउल्लाह के खुलासे से हड़कंप, बांग्लादेश कनेक्शन