अररिया में 20 महिला पर्यवेक्षिकाओं की होगी नियुक्ति, 6238 आवेदनों की जांच के बाद बनेगी मेरिट लिस्ट
अररिया जिले में समेकित बाल विकास सेवाओं (ICDS) के तहत 20 महिला पर्यवेक्षिकाओं की भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। ...और पढ़ें

एआई से जेनरेट की गई सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
अररिया में 20 महिला पर्यवेक्षिकाओं की भर्ती प्रक्रिया तेज।
6,238 आवेदनों की अंक आधारित मेधा सूची बनेगी।
प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए स्क्रूटिनी कमेटी गठित।
जागरण संवाददाता, अररिया। समेकित बाल विकास सेवाओं (ICDS) के अंतर्गत अररिया जिले में अनुबंध आधारित सीधी भर्ती के माध्यम से महिला पर्यवेक्षिका (लेडी सुपरवाइजर) के कुल 20 रिक्त पदों पर नियोजन की प्रक्रिया काफी तेज हो गई है।
बहाली को लेकर चयन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी सह अध्यक्ष (चयन समिति) विनोद दूहन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (DPO) सह सदस्य सचिव द्वारा जानकारी दी गई कि समाज कल्याण विभाग की ओर से वर्ष 2019 में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसके तहत जिले में कुल 6,238 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
बैठक में पारदर्शी तरीके से चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। चयन समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि विभागीय मार्गदर्शिका में निहित प्रावधानों के आलोक में सबसे पहले सभी प्राप्त आवेदनों की अंक आधारित औपबंधिक मेधा सूची (Provisional Merit List) तैयार की जाएगी।
चयन समिति से अनुमोदन मिलने के बाद इस मेधा सूची को अररिया जिले की आधिकारिक वेबसाइट (araria.nic.in) पर आम अभ्यर्थियों के अवलोकन के लिए प्रकाशित किया जाएगा।
स्क्रूटिनी कमेटी करेगी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की जांच
औपबंधिक मेधा सूची के प्रकाशन और उस पर प्राप्त होने वाली दावों व आपत्तियों के निष्पादन के बाद अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों तथा संबंधित शैक्षणिक एवं अनुभव दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष स्क्रूटिनी कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी अभ्यर्थियों के अंक पत्र, जाति, निवास व अन्य प्रमाण-पत्रों का विभागीय अभिलेखों से मिलान व सत्यापन करेगी।
पारदर्शिता के साथ नियमानुसार होगी आगे की कार्रवाई
जिलाधिकारी विनोद दूहन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयन प्रक्रिया के हर चरण में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के बाद अंतिम मेधा सूची के आधार पर नियमानुसार नियोजन पत्र निर्गत करने की कार्रवाई की जाएगी। 20 पदों के लिए 6 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त होने के कारण इस बहाली को लेकर जिले की अभ्यर्थियों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।
