NHAI का टोल प्लाजा ऑपरेटर पर बड़ा एक्शन! लगाया ₹15 लाख का जुर्माना, कर्मचारी की बदसलूकी पर करें ये काम
NHAI ने बिजवासन टोल प्लाजा पर बदसलूकी के मामले में ऑपरेटर पर 15 लाख जुर्माना और एक महीने का प्रतिबंध लगाया।

NHAI ने ऑपरेटर पर लगाया भारी जुर्माना और प्रतिबंध

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर नेशनल हाईवे पर वाहन चालकों के साथ टोल प्लाजा पर बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं देखने के लिए मिलती रहती है। ऐसा ही एक मामला दिल्ली के बिजवासन टोल प्लाजा पर वहां के कर्मचारियों ने वाहन चालकों के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब उस टोल प्लाजा के ऊपर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ी कार्रवाई की है। NHAI ने संबंधित टोल ऑपरेटर पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया है। इतना ही नहीं, एजेंसी को एक महीने के लिए टेंडर प्रक्रिया से भी बाहर कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद टोल प्लाजा पर यात्रियों के साथ होने वाले व्यवहार और ऑपरेटरों की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है और NHAI ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ क्या-क्या कदम उठाए हैं। साथ ही ऐसी स्थिति में आपको क्या करना चाहिए।
बिजवासन टोल प्लाजा पर क्या हुआ था?
यह पूरा मामला दिल्ली स्थित NH-248BB पर बने बिजवासन टोल प्लाजा का है। यहां 5 नवंबर 2026 को टोल संचालन करने वाली एजेंसी के कर्मचारियों और कुछ वाहन चालकों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान कर्मचारियों के जरिए वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट किए जाने की घटना सामने आई।
टोल टैक्स वसूलने का लाइसेंस मिला है, किसी की जान और इज्जत पर वार करने का नहीं! द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर 5 नवंबर को टोलकर्मियों ने एक परिवार को कार से खींचकर बूम बैरियर से पीटा। महिला को भी नहीं बख्शा। वीडियो वायरल हुआ तो NHAI जागा। एजेंसी पर ₹15 लाख का जुर्माना और शो-कॉज नोटिस जारी हुआ। लेकिन बड़ा सवाल है—जिस एजेंसी पर पहले भी ऐसी हरकतों के आरोप लग चुके हैं, उसे बार-बार ठेका कैसे मिलता है? सिर्फ जुर्माना लगाने से इंसाफ नहीं मिलेगा। दोषियों पर FIR हो, निष्पक्ष जांच हो और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई हो। आम आदमी टोल भरता है, बदले में गुंडागर्दी पाता है। सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है—NHAI की, एजेंसी की या पुलिस की? जब तक ऐसे कर्मचारियों को सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, टोल प्लाजा “टैक्स कलेक्शन” नहीं, “गुंडा कलेक्शन” पॉइंट बने रहेंगे। टोल प्लाजा है या गुंडागर्दी का अड्डा? #BijwasanToll #NHAI
— संजय बौद्ध (@Sanjayboddh1993) November 10, 2026
बताया गया कि इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में टोल कर्मचारियों और वाहन चालकों के बीच कहासुनी और विवाद होता दिखाई दिया। घटना सामने आने के बाद लोगों ने टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर नाराजगी जाहिर की। जब मामले ने तूल पकड़ा तो NHAI ने भी इसका संज्ञान लिया और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
15 लाख रुपये का लगा जुर्माना
बिजवासन टोल प्लाजा का संचालन करने वाली एजेंसी Riddhi Siddhi Associates पर NHAI ने 15 लाख रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया है। इसके अलावा, NHAI ने एजेंसी को एक महीने के लिए टेंडर प्रक्रिया से प्रतिबंधित कर दिया है। इसका मतलब है कि संबंधित एजेंसी एक महीने तक NHAI के किसी भी चालू या भविष्य के टेंडर में हिस्सा नहीं ले सकेगी। यह कार्रवाई टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के अनुशासनहीन व्यवहार और लोगों के साथ हुए विवाद के बाद की गई है। NHAI ने केवल जुर्माना लगाकर ही मामला खत्म नहीं किया, बल्कि एजेंसी के खिलाफ आगे और सख्त कार्रवाई का रास्ता भी खुला रखा है।
View this post on Instagram
एक साल के लिए बैन करने की भी तैयारी
NHAI ने Riddhi Siddhi Associates को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) भी जारी किया है। इस नोटिस के जरिए एजेंसी से पूछा गया है कि उसे एक साल के लिए भविष्य की टेंडर प्रक्रिया से प्रतिबंधित क्यों न कर दिया जाए। प्रस्तावित कार्रवाई के तहत एजेंसी के साथ-साथ उसके मालिकों और निदेशकों को भी एक साल के लिए NHAI के भविष्य के टेंडरों में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित किया जा सकता है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि एक साल के प्रतिबंध का प्रस्ताव अभी कारण बताओ नोटिस के स्तर पर है। फिलहाल एक महीने का प्रतिबंध और 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
छोड़ना होगा बिजवासन टोल प्लाजा
NHAI ने संबंधित एजेंसी को बिजवासन फीस प्लाजा का संचालन नए ऑपरेटर को सौंपने का निर्देश दिया है। इसके लिए 14 नवंबर 2026 की समयसीमा तय की गई है। निर्देश के मुताबिक, Riddhi Siddhi Associates को निर्धारित तारीख तक टोल प्लाजा का पूरा संचालन नए ऑपरेटर को सौंपना होगा। हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह एजेंसी बिजवासन टोल प्लाजा पर यात्रियों से टोल टैक्स वसूल नहीं कर सकेगी। इस कदम का उद्देश्य टोल प्लाजा का संचालन नए ऑपरेटर को सौंपना और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था करना है।
NHAI ने बताया गंभीर मामला
NHAI के मुताबिक, बिजवासन टोल प्लाजा पर हुई घटना कोई सामान्य विवाद नहीं थी। प्राधिकरण ने कहा कि संबंधित एजेंसी अपने कर्मचारियों में अनुशासन बनाए रखने और उनकी उचित निगरानी करने में विफल रही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी एजेंसी को अपने कर्मचारियों के व्यवहार की जिम्मेदारी से बचने की अनुमति नहीं दी जा सकती। टोल प्लाजा का संचालन करने वाली एजेंसी की जिम्मेदारी है कि वह अपने कर्मचारियों को उचित व्यवहार और सेवा के मानकों का पालन करने के लिए सुनिश्चित करे।
टोल प्लाजा पर बदसलूकी को लेकर NHAI की नीति
इस घटना के बाद NHAI ने अपने माफीनामे में यात्रियों के प्रति जिम्मेदारी और जवाबदेही को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया। प्राधिकरण ने कहा कि टोल प्लाजा पर किसी भी तरह के दुर्व्यवहार और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। NHAI ने दोहराया कि नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा, गरिमा और सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए टोल प्लाजा संचालित करने वाली एजेंसियों को अपने कर्मचारियों के व्यवहार और सेवा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा।
टोल प्लाजा पर कर्मचारी की बदसलूकी पर क्या करें?
अगर किसी टोल प्लाजा पर कर्मचारी आपके साथ बदसलूकी, गाली-गलौज या मारपीट करते हैं, तो सबसे पहले शांत रहें और विवाद को बढ़ाने से बचें। ऐसी स्थिति में अपनी और साथ मौजूद लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। संभव हो तो घटना का वीडियो बनाएं और टोल प्लाजा का नाम, लोकेशन, तारीख और समय नोट कर लें। इसके बाद NHAI की हेल्पलाइन 1033 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं।
आप NHAI के आधिकारिक शिकायत प्लेटफॉर्म पर भी शिकायत कर सकते हैं। अगर मामला मारपीट, धमकी या गंभीर दुर्व्यवहार से जुड़ा है, तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर संपर्क करें और नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत करते समय वीडियो, फोटो और अन्य उपलब्ध सबूत जरूर शेयर करें, ताकि मामले की जांच और उचित कार्रवाई में मदद मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।